Bharat Express DD Free Dish

‘अब चुनाव नहीं लड़ेंगे’, अंनत सिंह का बड़ा ऐलान

Bihar News: राज्यसभा चुनाव में मतदान करने के बाद मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने कहा कि वे अब चुनाव नहीं लड़ेंगे. उन्होंने दावा किया कि एनडीए के सभी उम्मीदवार जीतेंगे और जल्द ही जेल से बाहर आने की बात भी कही.

Bihar News: राज्यसभा चुनाव में मतदान करने के बाद मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि अब वे चुनाव नहीं लड़ेंगे और आगे उनके बच्चे ही राजनीति में हिस्सा लेंगे. साथ ही उन्होंने दावा किया कि एनडीए के सभी पांचों उम्मीदवार जीत हासिल करेंगे.

जेल से बाहर आने का दावा

अनंत सिंह ने समर्थकों को संदेश देते हुए कहा कि वे एक महीने के भीतर जेल से बाहर आ जाएंगे. उन्होंने कहा कि उनके समर्थक उदास न हों क्योंकि वे जल्द ही उनके बीच होंगे. वोट डालने के बाद वे वापस बेऊर जेल लौट गए.

निशांत कुमार को लेकर क्या बोले?

जेडीयू विधायक ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि निशांत में मुख्यमंत्री बनने के सभी गुण मौजूद हैं. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला बड़े नेता करेंगे.

चुनाव से दूरी

अनंत सिंह ने साफ किया कि वे अब कोई चुनाव नहीं लड़ेंगे. उन्होंने कहा कि अगर नीतीश कुमार राजनीति में नहीं रहेंगे तो वे भी चुनावी मैदान में नहीं उतरेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि आगे उनके बच्चे चुनाव लड़ेंगे. जब उनसे पूछा गया कि निशांत कुमार और तेजस्वी यादव में से उन्हें कौन बेहतर लगता है, तो उन्होंने जवाब देने से परहेज किया. पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जहां जाना चाहेंगे, वहीं जाएंगे. उन्होंने निशांत कुमार के राजनीति में आने पर कहा कि सब अच्छा होगा. मुख्यमंत्री पद को लेकर उन्होंने कहा कि इसका फैसला नीतीश कुमार ही करेंगे.

अदालत से मिली अनुमति

अनंत सिंह फिलहाल बेऊर जेल में बंद हैं. उन्हें पटना की एमपी-एमएलए अदालत ने राज्यसभा चुनाव में मतदान की अनुमति दी थी. अदालत ने उनकी याचिका स्वीकार कर उन्हें वोट डालने की इजाजत दी.

ये भी पढ़ें-बिहार राज्यसभा चुनाव में बड़ा खेला! कांग्रेस के 3 विधायक संपर्क से बाहर, क्या फंस गए तेजस्वी यादव?

एनडीए के लिए अहम वोट

अनंत सिंह दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में जेल में हैं. आज उन्हें पुलिस सुरक्षा में विधानसभा ले जाया गया, जहां उन्होंने मतदान किया और फिर वापस जेल भेज दिया गया. उनका वोट एनडीए के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इस चुनाव में हार-जीत एक वोट से भी तय हो सकती है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read