Motihari Sai Baba Temple Theft
Motihari Sai Baba Temple Theft: मोतिहारी के मिस्कॉट मोहल्ला स्थित साई बाबा मंदिर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है. चोरों ने मंदिर के दरवाजे को तोड़कर बाबा के दरबार में प्रवेश किया और कीमती धार्मिक सामान लेकर फरार हो गए. चोरी की इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है. घटना के समय मंदिर के पुजारी परिसर में ही सो रहे थे. इसके बावजूद चोरों ने वारदात को अंजाम दिया और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी. घटना के बाद श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है.
दरवाजा तोड़कर मंदिर में घुसे चोर
जानकारी के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले मंदिर का दरवाजा तोड़ा. इसके बाद बाबा के दरबार में लगी कुंडी को उखाड़ दिया और वहां रखे कीमती धार्मिक सामान पर हाथ साफ कर दिया. चोर साई बाबा का करीब 8 से 10 किलो वजनी छत्तर और गणेश जी की मूर्ति पर लगा लगभग 100 ग्राम वजन का मुकुट चोरी कर ले गए. मंदिर में हुई इस चोरी से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी है. लोगों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. मंदिर जैसे धार्मिक स्थल पर चोरी की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
मंदिर में सो रहे थे पुजारी, पुलिस को दी गई सूचना
घटना के समय मंदिर के पुजारी परिसर में ही सो रहे थे. चोरी की जानकारी मिलने के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई. राजेश कुमार उर्फ गुड्डू ने बताया कि उन्होंने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी थी. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि इस मामले में थाने में लिखित आवेदन भी दिया गया है, ताकि पुलिस चोरी की घटना की जांच कर सके और आरोपियों का पता लगाया जा सके.
यह भी पढ़ें: एक साथ 3 लाख सरकारी कर्मचारी छुट्टी पर! पंजाब में आज क्यों मचा है हड़कंप?
दान पेटी सुरक्षित, औजार छोड़कर भागे चोर
राजेश कुमार उर्फ गुड्डू के मुताबिक, चोर मंदिर की दान पेटी को हाथ नहीं लगा सके. वह सुरक्षित है. हालांकि, चोर वारदात के दौरान इस्तेमाल किया गया अपना औजार मंदिर में ही छोड़कर फरार हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी चर्चा है और श्रद्धालु मंदिर की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. अब सबकी नजर पुलिस की जांच पर टिकी है. लोगों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही चोरी की इस घटना का खुलासा कर आरोपियों को पकड़ने में सफल होगी. फिलहाल, चोरी हुए सामान की बरामदगी और आरोपियों की पहचान को लेकर पुलिस की कार्रवाई अहम होगी.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



