Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

जन्मदिन का जश्न बना मातम: 250 किमी स्पीड से BMW ने छीन ली दो जिंदगियां, बदलापुर हादसे की दर्दनाक कहानी

Badlapur BMW Crash: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के बदलापुर में जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे तीन दोस्तों की BMW कार भीषण हादसे का शिकार हो गई. पुलिस जांच के अनुसार कार करीब 250 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी.

Mumbai Badlapur BMW Accident

Badlapur BMW Accident: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के बदलापुर में एक भीषण सड़क हादसे में दो युवाओं की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा उस समय हुआ जब तीन दोस्त जन्मदिन की पार्टी मनाने के बाद BMW कार से लौट रहे थे. पुलिस के मुताबिक कार बेहद तेज रफ्तार में थी और चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद यह भयानक दुर्घटना हुई.

250 किमी प्रति घंटे थी रफ्तार

जांच के दौरान सामने आया है कि BMW कार करीब 250 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थी. पुलिस को सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो भी मिला है, जिसमें दुर्घटना से कुछ समय पहले कार की स्पीड 251 किमी प्रति घंटा तक दिखाई दे रही है. अधिकारियों को शक है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से ड्राइविंग इस हादसे की वजह बनी. हालांकि वीडियो की सच्चाई की अभी पुष्टि की जा रही है.

डिवाइडर से टकराकर उछली कार

पुलिस के अनुसार यह हादसा बदलापुर के पास निर्माणाधीन मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर हुआ. तेज रफ्तार BMW सड़क किनारे लगे डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार कई बार पलटी और लगभग 200 मीटर तक उछलती चली गई. दुर्घटना के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका इंजन करीब 30 मीटर दूर जाकर गिरा.

दो युवाओं की मौत

हादसे में 26 वर्षीय योगेश किशन नेगी और 24 वर्षीय रेबेका जैकब की मौत हो गई. योगेश बदलापुर का रहने वाला था और उसी का जन्मदिन मनाया जा रहा था. रेबेका उसकी दोस्त थी और बांद्रा में रहती थी. वहीं कार चला रहे अंगद गिल गंभीर रूप से घायल हो गए. उनका इलाज कल्याण के फोर्टिस अस्पताल में चल रहा है.


ये भी पढ़ें: मारा गया लल्लन सिंह! यूपी STF के एनकाउंटर में ढेर हुआ सवा लाख का इनामी डकैत, जानिए इसकी खूंखार क्राइम कुंडली


पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दुर्घटना के समय कार के एयरबैग खुले थे या नहीं. अधिकारियों का मानना है कि निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे पर लगे कंक्रीट बैरिकेड से बचने की कोशिश में चालक ने नियंत्रण खो दिया होगा. फिलहाल पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट, तकनीकी साक्ष्यों और दुर्घटना स्थल से मिले सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital