Muzaffarnagar Temple case
Muzaffarnagar Temple case: मुजफ्फरनगर जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. गौशाला रोड स्थित एक प्रसिद्ध माता मंदिर के प्रांगण में एक दलित युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में कुछ लोग युवक को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों और बेल्टों से पीटते हुए नजर आ रहे हैं. घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई.
युवक पर परिजनों ने लगाया यौन शोषण का आरोप
जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक की पहचान सत्येंद्र के रूप में हुई है, जो दलित समुदाय से आता है और मंदिर में साफ-सफाई का कार्य करता था. आरोप है कि सत्येंद्र काफी समय से मोहल्ले की ही एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर उसका यौन शोषण कर रहा था. लड़की के परिजनों का कहना है कि यह सिलसिला सावन के महीने से ही चला आ रहा था और आरोपी युवक लगातार उनकी बेटी को परेशान कर रहा था.
परिजनों और मोहल्ले वालों का फूटा गुस्सा
सोमवार को जब इस बात की भनक नाबालिग लड़की के परिजनों और आसपास के लोगों को लगी, तो उनका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. गुस्से में आग बबूला परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने मंदिर प्रांगण में पहुंचकर सत्येंद्र को घेर लिया. इसके बाद भीड़ ने कानून हाथ में लेते हुए युवक की लात-घूंसों और बेल्टों से जमकर धुनाई कर दी. मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
पुलिस ने भीड़ से छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस आपातकालीन सेवा Dial 112 और नगर कोतवाली पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने जैसे-तैसे आक्रोशित भीड़ को शांत कराया और गंभीर रूप से घायल सत्येंद्र को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है.
एएसपी का बयान और पुलिस की कार्रवाई
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन मुस्तैद हो गया है. एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया, 12 के माध्यम से कोतवाली नगर को सूचना मिली थी कि गौशाला रोड पर एक व्यक्ति के साथ कुछ लोग मारपीट कर रहे हैं. पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और घायल को अस्पताल भेजा. इस मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मारपीट में शामिल लोगों को चिह्नित कर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मारपीट में शामिल तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है.
पीड़िता के पिता ने लगाई इंसाफ की गुहार
दूसरी ओर, पीड़ित नाबालिग लड़की के पिता ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि आरोपी युवक काफी समय से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था और बहला-फुसलाकर उसका शोषण कर रहा था. उन्होंने कहा, “हमें बस न्याय चाहिए. आरोपी ने हमारी बच्ची के साथ गलत किया है, उस पर सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए.” फिलहाल पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी है. पुलिस का कहना है कि यौन उत्पीड़न के आरोपों और मंदिर परिसर में हुई हिंसा, दोनों ही पहलुओं की निष्पक्षता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


