Nagpur ATM robbery
Nagpur ATM robbery: महाराष्ट्र के नागपुर में चोरों ने बेहद शातिर तरीके से एटीएम लूट की वारदात को अंजाम दिया. वर्धा रोड स्थित डोंगरगांव इलाके में बदमाशों ने बैंक ऑफ इंडिया के दो एटीएम को निशाना बनाते हुए गैस कटर से मशीनें काट डालीं और उनमें रखे 13 लाख रुपये से अधिक की नकदी लेकर फरार हो गए. वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.
लग्जरी SUV से पहुंचे बदमाश, पहले CCTV को किया निष्क्रिय
पुलिस के मुताबिक, देर रात कुछ बदमाश एक लग्जरी एसयूवी में सवार होकर डोंगरगांव स्थित सैलानी ताज बिल्डिंग पहुंचे. सबसे पहले उन्होंने एटीएम परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे कर उन्हें निष्क्रिय करने की कोशिश की. इसके बाद बिजली की वायरिंग काट दी, ताकि अलार्म सिस्टम और अन्य सुरक्षा उपकरण काम न कर सकें. इसके बाद बदमाश गैस कटर की मदद से दोनों एटीएम मशीनों को काटकर उनके अंदर रखी नकदी निकाल ले गए. पूरी वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया.
एक CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
हालांकि बदमाशों की योजना पूरी तरह सफल नहीं हो सकी. पुलिस के अनुसार, एक सीसीटीवी कैमरे पर उनकी नजर नहीं पड़ी, जिसमें पूरी घटना रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है. शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि वारदात में चार से अधिक बदमाश शामिल थे. पुलिस अब इसी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है.
यह भी पढ़ें: मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला: मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग स्कीम के लिए ₹62,500 करोड़ मंजूर; देश में बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
कैश लोड होने के कुछ घंटे बाद ही हुई चोरी
जांच के दौरान एक और महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है. सूत्रों के अनुसार, वारदात से करीब छह घंटे पहले ही कैश लोडिंग कंपनी ने दोनों एटीएम में बड़ी रकम डाली थी. इसके तुरंत बाद हुई इस चोरी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या एटीएम में नकदी भरे जाने की जानकारी पहले से किसी ने बदमाशों तक पहुंचाई थी या फिर इस पूरे मामले में किसी अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका हो सकती है.
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
डोंगरगांव इलाके में इससे पहले भी एटीएम चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. लगातार हो रही ऐसी वारदातों ने बैंक और एटीएम सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी. मामले की जांच जारी है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





