Urdu Conclave 2026

सरपंच बनने की चाह में हैवान बना पिता! मासूम बेटी को नहर में धकेल कर मार डाला

Maharashtra Nanded News: महाराष्ट्र के नांदेड़ में सरपंच पद के लिए चुनाव लड़ने की लालच में पिता ने अपनी छह वर्षीय बेटी प्राची की हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी पांडुरंग कोंडमांगले को गिरफ्तार कर आपराधिक साजिश के तहत केस दर्ज किया. पढ़ें पूरी खबर..

रिपोर्ट-अभिषेक


Nanded father kills daughter Panchayat election: महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के केरूर गांव से ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जो पूरे समाज की चेतना को झकझोर देती है. सरपंच पद के लिए चुनाव लड़ने की लालच में एक पिता ने अपनी ही छह वर्षीय बेटी की कथित तौर पर हत्या कर दी. आरोपी की पहचान 28 वर्षीय पांडुरंग कोंडमांगले के रूप में हुई है, जो गांव में नाई की दुकान चलाता है. उसकी बेटी प्राची को घूमने के बहाने तेलंगाना के निजामाबाद जिले की एक नहर में धक्का देकर मार डाला गया.

आखिर क्यों मार डाला बेटी को?

जानकारी के मुताबिक, पांडुरंग आगामी पंचायत चुनाव में सरपंच पद के लिए चुनाव लड़ना चाहता था, लेकिन महाराष्ट्र पंचायत राज कानून के तहत केवल वही व्यक्ति चुनाव लड़ सकता है जिसके दो ही बच्चे हों. आरोपी के परिवार में पत्नी, एक बेटा और जुड़वा बेटियां थीं, जिसके कारण वह चुनाव लड़ने के लिए पात्र नहीं था.

बताया जा रहा है कि इसी वजह से उसने अपने एक परिचित के साथ मिलकर एक बच्ची को रास्ते से हटाने की साजिश रची. पहले बच्ची को गोद देने का विचार किया गया, लेकिन दस्तावेजी रिकॉर्ड के चलते यह संभव नहीं हो सका. इसके बाद बच्ची की मौत को हादसा दिखाने की योजना बनाई गई.

जानिए कैसे घटना को दिया अंजाम?

आरोप है कि पांडुरंग अपनी छह साल की बेटी प्राची को घूमाने के बहाने तेलंगाना के निजामाबाद जिले ले गया और वहां एक नहर के पास उसे पानी में धक्का दे दिया. आसपास मौजूद लोगों ने आवाज सुनकर मौके पर पहुंचने की कोशिश की, लेकिन तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी.

वहीं स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने शव को बाहर निकाला. सोशल मीडिया और स्थानीय नेटवर्क के जरिए बच्ची की पहचान हुई, जिसके बाद जांच की कड़ियां महाराष्ट्र तक पहुंचीं. शुरुआत में पिता ने बच्ची के इलाज का बहाना बनाया, लेकिन पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया.

पुलिस ने दर्ज किया मामला

पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है, जबकि साजिश में कथित तौर पर शामिल एक अन्य व्यक्ति को भी हिरासत में लिया गया है. मामले की आगे जांच जारी है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read