Bharat Express DD Free Dish

‘ममता की निर्मम सरकार का काउंटडाउन शुरू’, बंगाल में TMC पर जमकर बरसे PM मोदी- जानें रैली में क्या कुछ कहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भारी जनसभा को संबोधित करते हुए बंगाल की मौजूदा टीएमसी सरकार पर तीखा हमला बोला और बदलाव का आह्वान किया.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने बंगाल की मौजूदा तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर तीखा हमला बोला और राज्य में बदलाव का आह्वान किया.

रैली में उमड़ी भारी भीड़ को देखकर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि लोगों का उत्साह और जोश साफ बता रहा है कि बंगाल के लोगों के मन में क्या चल रहा है और वे किस तरह का बदलाव चाहते हैं. ब्रिगेड परेड ग्राउंड का इतिहास गवाह है कि जब भी बंगाल ने देश को दिशा दी है, तब यह मैदान बंगाल की आवाज बनकर सामने आया है.

उन्होंने कहा, “इस मैदान से अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उठी आवाज पूरे हिंदुस्तान में क्रांति बन गई थी. इसी का नतीजा था कि अंग्रेजों के अत्याचार और लूट का अंत हुआ. आज एक बार फिर इसी ब्रिगेड ग्राउंड से नए बंगाल की क्रांति का बिगुल बज गया है.”

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में बंगाल की मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में बदलाव की मांग अब हर जगह दिखाई दे रही है. उन्होंने कहा, “बंगाल में बदलाव अब दीवारों पर भी लिखा जा चुका है और बंगाल के लोगों के दिलों में भी छप चुका है. अब बंगाल से निर्मम सरकार का अंत होकर रहेगा और महाजंगलराज का खात्मा होगा. इसलिए बंगाल के हर कोने से आवाज उठ रही है, ‘चाई भाजपा सरकार, अबकी बार.’

टीएमसी पर पीएम मोदी का तीखा आरोप

पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि रैली को रोकने के लिए राज्य सरकार ने हरसंभव कोशिश की. टीएमसी ने रैली में आने वाले लोगों को चोर कहकर अपमानित किया लेकिन बंगाल की जनता अच्छी तरह जानती है कि असली चोर कौन हैं. उन्होंने कहा, “टीएमसी ने शुक्रवार को इस रैली में आने वाले आप सभी लोगों को चोर कहकर गाली दी लेकिन बंगाल की प्रबुद्ध जनता जानती है कि असली चोर कौन हैं. अपनी कुर्सी जाते देख यहां की निर्मम सरकार बौखला गई है.”

उन्होंने कहा कि रैली में लोगों को आने से रोकने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कई बाधाएं खड़ी की गईं. पुल बंद करवा दिए गए, गाड़ियों को रोका गया, ट्रैफिक जाम कराया गया और भाजपा के झंडे व पोस्टर तक हटवा दिए गए.

उन्होंने कहा, “आज भी इस सभा को रोकने के लिए निर्मम सरकार ने सारे हथियार निकाल लिए. आप लोगों को आने से रोकने के लिए ब्रिज बंद करवा दिए, गाड़ियां रुकवा दीं, ट्रैफिक जाम करवाया और भाजपा के झंडे-पोस्टर फड़वा दिए लेकिन आज के इस जनसैलाब को वे रोक नहीं पाए.”

अपने भाषण में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बंगाल में ‘महाजंगलराज’ लाने वालों के लिए अब समय खत्म होने वाला है. राज्य में कानून का राज लौटने वाला है और जो भी कानून तोड़ेगा या अत्याचार करेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा.

उन्होंने कहा, “बंगाल में महाजंगलराज लाने वालों का काउंटडाउन शुरू हो चुका है. वो दिन दूर नहीं जब बंगाल में फिर से कानून का राज होगा. जो कानून तोड़ेगा और जो अत्याचार करेगा, उसे किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा. चुन-चुनकर सभी जुल्मों का हिसाब लिया जाएगा.”

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चाहे कितनी भी कोशिश कर ले, अब बदलाव की आंधी को रोका नहीं जा सकता. मां दुर्गा का आशीर्वाद भाजपा व एनडीए के साथ है और यही आशीर्वाद बंगाल में परिवर्तन की ताकत बनेगा.

ये भी पढ़ें: पंजाब आए गृह मंत्री अमित शाह ने केसरिया पगड़ी पहनकर भरी हुंकार, मोगा में बदलाव रैली से अगले चुनाव की तैयारी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read