Bharat Express DD Free Dish

अशोक खरात: वो ढोंगी जिसने सैकड़ों महिलाओं को जाल में फंसाया, नरबलि का भी शक, कैसे खड़ा कर लिया 1500 करोड़ का साम्राज्य?

नासिक के ढोंगी ज्योतिषी अशोक खरोत के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है. उसका मामला महिलाओं के शोषण, अंधविश्वास और ठगी का बड़ा उदाहरण बन गया है. पुलिस और आयकर विभाग मिलकर पूरी संपत्ति और नेटवर्क की जांच कर रहे हैं.

Ashok Kharat Latest News

ढोंगी बाबा अशोक खरात

Ashok Kharat Tantrik Fraud Maharashtra: महाराष्ट्र के ढोंगी बाबा अशोक खरात से जुड़े नित-नए खुलासे हो रहे हैं. वह तांत्रिक उपाय और शुद्धिकरण के नाम पर महिलाओं को फंसाता था. वह बीमारी, परिवार के झगड़े या संतान की इच्छा रखने वाली महिलाओं का यौन शोषण करता था और ब्लैकमेल कर मोटी रकम भी ऐंठता था.

खुद को कैप्टन और कॉस्मोलॉजी एक्सपर्ट बताने वाले अशोक खरात को नासिक में पुलिस ने 18 मार्च को गिरफ्तार किया था. एक 35 वर्षीय महिला ने उसके खिलाफ बार-बार दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग की शिकायत की थी. अब तक खरात के खिलाफ 8 मामले दर्ज हो चुके हैं. इनमें दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और अंधभक्ति के मामले शामिल हैं.

100 से ज्यादा अश्लील वीडियो बरामद

पुलिस के अनुसार, अशोक खरात स्पाई कैमरे से अश्लील वीडियो बनाता था और फिर उन्हें ब्लैकमेल करता था. विशेष जांच दल (SIT) ने उसके पास से 100 से ज्यादा संदिग्ध वीडियो बरामद किए हैं. इनकी फॉरेंसिक जांच चल रही है.

नरबलि दिए जाने भी की आशंका

हालिया जांच में अशोक खरात के खिलाफ नरबलि के भी संकेत मिले हैं. अहिल्यानगर के फार्महाउस से एक पिस्तौल बरामद हुई है. उसमें पांच गोलियां गायब हैं. पुलिस फॉरेंसिक जांच करा रही है ताकि नरबलि की पुष्टि हो सके. अघोरी पूजा और तांत्रिक अनुष्ठान के सबूत भी मिले हैं.

1500 करोड़ का काला साम्राज्य

महज 10-12 साल में खरात ने करीब 1500 करोड़ रुपये का बेनामी साम्राज्य खड़ा कर लिया. मीडिया में खबरें चल रही हैं कि वह ‘एल्विश हनी’ नाम का शहद बेचता था. इसे तुर्किए की समुद्री गुफाओं से लाया गया बताता था. कहता था कि इससे यौन शक्ति बढ़ती है. इसकी कीमत 9 लाख रुपये प्रति किलो तक थी. पुलिस को शक है कि इससे काला धन सफेद किया गया.

लोकसभा सीटों में बड़ा इजाफा होने वाला है

154 देशों की यात्रा और कई दावे

खरात खुद को ऑस्ट्रेलियाई मर्चेंट नेवी का कैप्टन बताता था. वह कहता था कि उसने 154 देशों की यात्रा की है और 12 विदेशी भाषाएं जानता है. पिछले पांच साल में वह 15 बार तुर्किए गया था. वह सिद्ध ज्योतिषी के रूप में अपनी पहचान बनाए हुए था.

खरात का नेटवर्क नासिक के सिन्नर में 3.5 एकड़ के ‘श्री शिवनिका संस्थान’ तक फैला था. यहां तांत्रिक पूजा के गुप्त कमरे थे. अहिल्यानगर में फार्महाउस, पुणे में बेनामी फ्लैट, शिर्डी में ब्लैकमेल का एक मामला और मुंबई में पांच सितारा होटलों में स्थायी सुइट मिले हैं.

जांच एजेंसियों की कार्रवाई, जब्‍ती

SIT ने दो लैपटॉप, आठ लाख रुपये नकद और बड़ी संख्या में प्रॉपर्टी दस्तावेज जब्त किए हैं. अभी खरात के कई नेताओं और अधिकारियों से संबंध सामने आए हैं. डिप्टी कलेक्टर अभिजीत भांडे पाटिल का तबादला कर दिया गया. उनकी पत्नी और खरात परिवार के बीच जमीन साझेदारी का मामला है.

कांग्रेस नेता हर्षवर्धन सपकाल ने आरोप लगाया है कि एक मंत्री ने मुख्यमंत्री बनने के लिए अघोरी पूजा करवाई थी. खरात की खबरें आने पर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर को इस्तीफा देना पड़ा. एक फोटो में वे खरात के साथ दिखीं.

कोर्ट में पेशी और आगे की जांच

मंगलवार को नासिक कोर्ट में खरात की पेशी के दौरान भीड़ ने पुलिस वैन पर पथराव किया. कोर्ट ने उसकी पुलिस कस्टडी 29 मार्च तक बढ़ा दी है. SIT उसके पूर्व सहायक नीरज जाधव को भी हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. जांच में और हाई-प्रोफाइल कनेक्शन सामने आ रहे हैं.

यह भी पढ़िए: ढोंगी बाबा अशोक खरात: 6 साल महिलाओं का शोषण, जबरन कराए गर्भपात, जमीन भी हड़पीं, 100+ वीडियो…कैसे हुई गिरफ्तारी?



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read