World’s Most Beautiful Airports 2026: भारत के एविएशन इंफ्रास्ट्रक्चर के इतिहास में आज एक बहुत बड़ा और गौरवशाली अध्याय जुड़ गया है. अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) के दो प्रमुख हवाई अड्डों ने दुनिया भर के वास्तुकला और डिज़ाइन के सबसे प्रतिष्ठित और मशहूर वैश्विक पुरस्कार ‘प्रिक्स वर्सेल्स (Prix Versailles) 2026’ की लिस्ट में अपनी जगह बनाकर इतिहास रच दिया है.
इस साल की ‘दुनिया के सबसे खूबसूरत एयरपोर्ट्स’ (World’s Most Beautiful Airports 2026) की लिस्ट में नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) और गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (LGBIA) के टर्मिनल-2 को शामिल किया गया है. यह वैश्विक सम्मान दिखाता है कि भारत अब आधुनिक डिज़ाइन, सस्टेनेबिलिटी और वर्ल्ड-क्लास पैसेंजर एक्सपीरियंस में दुनिया का नेतृत्व कर रहा है.
यूनेस्को हेडक्वार्टर तय करता है यह पैमाना
प्रिक्स वर्सेल्स आर्किटेक्चर और डिज़ाइन के क्षेत्र में दुनिया का एक बेहद प्रतिष्ठित और खास सालाना ग्लोबल अवार्ड है, जो साल 2015 से पेरिस (फ्रांस) में यूनेस्को के मुख्यालय में आयोजित किया जाता है. यह अवार्ड दुनिया भर के उन नए लॉन्च हुए एयरपोर्ट्स और टर्मिनल्स को उनके आधुनिक क्रिएशन, बेजोड़ आर्किटेक्चर, इंटेलिजेंट सस्टेनेबिलिटी (पर्यावरण अनुकूल) और सांस्कृतिक पहचान के लिए दिया जाता है, जो पारंपरिक डिज़ाइनों से आगे बढ़कर दुनिया को एक नया और जादुई नजरिया देते हैं.
भारतीय डिज़ाइनों का जलवा
इस लिस्ट में शामिल अडानी ग्रुप के दोनों एयरपोर्ट्स की डिज़ाइन कमाल की है:
नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (टर्मिनल 1): इस एयरपोर्ट के टर्मिनल को भारत के राष्ट्रीय पुष्प ‘कमल’ जैसी बेहद खूबसूरत आर्किटेक्चरल थीम पर तैयार किया गया है. इसका फ्यूचरिस्टिक डिज़ाइन लैंग्वेज, अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी, भारतीय कला और कार्यक्षमता का यह अनोखा मेल एक आधुनिक और मजबूत ग्लोबल इकॉनमी के तौर पर भारत की नई उम्मीदों को प्रदर्शित करता है.
गुवाहाटी एयरपोर्ट (टर्मिनल 2): असम के इस लोकप्रिय हवाई अड्डे का आर्किटेक्चर पूर्वोत्तर की समृद्ध जैव विविधता (Biodiversity) को सलाम करते हुए ‘बैम्बू ऑर्किड’ की बायोफिलिक खूबसूरती से प्रेरित है. इसे पूरी तरह से इको-फ्रेंडली और सस्टेनेबल माहौल के रूप में ढाला गया है.
साल के आखिर में मिलेगा वर्ल्ड टाइटल
प्रिक्स वर्सेल्स 2026 की इस वीवीआईपी लिस्ट में भारत के इन दो एयरपोर्ट्स के अलावा चीन का ग्वांगझू, जर्मनी का फ्रैंकफर्ट, कंबोडिया का कंडल स्टुएंग और अमेरिका के पिट्सबर्ग व सैन डिएगो जैसे दुनिया के बेहद दिग्गज एयरपोर्ट्स शामिल हैं. इस लिस्ट में शामिल होने के बाद, अब साल के आखिर में होने वाले मुख्य समारोह में इन्हीं शॉर्टलिस्टेड एयरपोर्ट्स में से किन्हीं तीन को ‘वर्ल्ड टाइटल’ (इंटीरियर या एक्सटीरियर) से नवाजा जाएगा. अडानी एयरपोर्ट्स की यह ऐतिहासिक कामयाबी देश में टूरिज्म, ग्रोथ और क्षेत्रीय विकास को एक नए रॉकेट जैसी रफ्तार देने वाली है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

