Bharat Express DD Free Dish

प्लेट में सजी थी ‘चिकन चिली’, तभी पहुंच गए हमलावर; फिर जो हुआ उसे देख कांप जाएगी रूह

बिहार के नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र में चिकन चिली खाने को लेकर हुआ मामूली विवाद खौफनाक हिंसा में बदल गया.

रिपोर्ट- अमन


बिहार के नवादा से एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसे सुनकर कोई भी दंग रह जाएगा. चिकन चिली खाने जैसी छोटी सी बात पर विवाद इतना बढ़ा कि बात जान लेने तक पहुँच गई. नवादा के रजौली थाना इलाके में आने वाले घसियाडी गांव में सोमवार की रात जो कुछ भी हुआ, उसने इलाके में सनसनी फैला दी है.

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, सोमवार की रात गांव का ही रहने वाला राजेश मांझी अपने दोस्तों के साथ बैठकर चिकन चिली का लुत्फ उठा रहा था. सब कुछ सामान्य था, हंसी-मजाक चल रहा था, लेकिन तभी वहां तीन-चार लोग पहुँच गए. बताया जा रहा है कि उन लोगों ने बिना किसी बड़ी वजह के राजेश और उसके दोस्तों से उलझना शुरू कर दिया. पहले तो तू-तू मैं-मैं हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद इतना गहरा गया कि गाली-गलौज के बाद मारपीट की नौबत आ गई.

चश्मदीदों की मानें तो हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे. जब राजेश और उसके दोस्त कुछ समझ पाते, उससे पहले ही एक हमलावर ने ऑटोमेटिक चाकू निकाला और राजेश पर हमला बोल दिया. राजेश के शरीर पर, खासकर जांघ और हाथ पर तीन-चार जगह चाकू से गहरे वार किए गए. खून से लथपथ राजेश वहीं जमीन पर गिर पड़ा. इस अफरा-तफरी में अमरकांत कुमार नाम के एक अन्य युवक को भी नहीं बख्शा गया और उसके सिर पर ईंट से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया.

अस्पताल के बाहर बिलखता परिवार

घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई. आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पास के अस्पताल ले जाया गया. राजेश की हालत इतनी बिगड़ गई थी कि डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे तुरंत पटना (PMCH) रेफर कर दिया. फिलहाल राजेश की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है.

दोस्त ने सुनाई कहानी

राजेश के दोस्त गोपाल कुमार ने बताया कि वे लोग पास की दुकान से चिकन चिली खरीदकर लाए थे और शांति से खा रहे थे. तभी एक शख्स आया और बिना बात के गाली देने लगा. वह एक बार जाकर दोबारा अपने 5-6 साथियों के साथ वापस लौटा और अचानक हमला कर दिया. हमलावर इतनी तेजी में थे कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए.

फिलहाल, रजौली थाना पुलिस इस पूरे मामले की तफ्तीश में जुट गई है. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है. गांव के लोग इस बात से हैरान हैं कि महज खाने की प्लेट से शुरू हुआ विवाद आखिर खूनी रंजिश में कैसे बदल गया.

ये भी पढ़ें- कुशवाहा, सवर्ण और दलित… बिहार मंत्रिमंडल विस्तार में नीतीश-बीजेपी का ‘मास्टर स्ट्रोक’, जानें किसे क्या मिलेगा?

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read