नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) के उपाध्यक्ष श्री कुलजीत सिंह चहल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए प्रॉपर्टी टैक्स बिल जारी करने की घोषणा की है. उन्होंने NDMC क्षेत्र के सभी संपत्ति धारकों से अपील की है कि वे समय पर टैक्स का भुगतान कर नगर परिषद के विकास कार्यों में अपना योगदान दें.
श्री चहल ने जानकारी दी कि NDMC अधिनियम, 1994 की धारा 70 के अंतर्गत NDMC क्षेत्र की सभी संपत्तियों का मूल्यांकन सूची तैयार कर प्रमाणित कर दी गई है. यह प्रक्रिया 16 अप्रैल 2025 को जारी सार्वजनिक नोटिस के बाद पूरी की गई है.
उन्होंने बताया कि जिन मामलों में NDMC उपविधियों (2009) के विरुद्ध याचिकाएं माननीय दिल्ली उच्च न्यायालय में लंबित हैं, वहां दर्शाई गई रेटेबल वैल्यूज़ (Rateable Values) को अंतरिम रूप में देखा जाए. ये प्रविष्टियां NDMC अधिनियम की धारा 63(1) के तहत नोटिसों के निपटारे के बाद संशोधित की जा सकती हैं.
मूल्यांकन सूची NDMC की वेबसाइट पर है उपलब्ध
चहल ने बताया कि मूल्यांकन सूची NDMC की वेबसाइट www.ndmc.gov.in पर उपलब्ध है. करदाता अपने प्रॉपर्टी आइडेंटिफिकेशन नंबर (PID) को यूज़र आईडी और D&C नंबर को पासवर्ड के रूप में उपयोग कर अपनी संपत्ति विवरण देख सकते हैं.
NDMC फिजिकल कॉपी में भी भेज रही टैक्स बिल
उन्होंने बताया कि NDMC फिजिकल कॉपी में भी टैक्स बिल भेज रही है. यदि किसी करदाता को 4 जून 2025 तक बिल प्राप्त नहीं होता, तो वे पालिका केंद्र की 9वीं मंज़िल, कक्ष संख्या 9009 में स्थित कर अधिकारी (Accounts Officer – Tax) के कार्यालय से प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच डुप्लिकेट कॉपी प्राप्त कर सकते हैं.
श्री चहल ने समय पर टैक्स भुगतान को प्रोत्साहित करने के लिए छूट योजनाएं भी घोषित कीं:
•30 जून 2025 तक टैक्स भुगतान करने पर 10% की छूट मिलेगी.
•30 सितंबर 2025 तक भुगतान करने पर 5% की छूट लागू होगी.
उन्होंने कहा कि समय पर भुगतान न केवल टैक्सदाताओं को छूट का लाभ देगा, बल्कि NDMC के स्मार्ट, स्वच्छ और आधुनिक शहर निर्माण के मिशन को भी गति देगा, जो “विकसित भारत @2047” के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विजन से प्रेरित है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
