Nepal Flood Body Gold Earrings Theft -bharat express
Nepal Flood Body Gold Earrings Theft: नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बीच इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है. नारायणी नदी की तेज धार में बहकर जान गंवाने वाली एक महिला के शव से सोने की बालियां चोरी करने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. घटना का 41 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया गया.
लकड़ी के तख्तों से शव निकाला, फिर कानों से उतार लीं बालियां
वायरल वीडियो में कथित तौर पर दो लोग लकड़ी के तख्तों की मदद से नदी के पानी से महिला का शव बाहर निकालते दिखाई दे रहे हैं. इस दौरान वे महिला के बाल पकड़कर शव को खींचते हैं. इसके बाद दोनों उसके कानों से सोने की बालियां निकालते हुए नजर आते हैं. सबसे विचलित करने वाली बात यह है कि आसपास खड़े कुछ लोग इस पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करते दिखाई दे रहे हैं. जिस समय एक परिवार किसी अपने की मौत का दुख झेल रहा होगा, उसी वक्त शव के साथ कथित तौर पर ऐसी हरकत ने इंसानियत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
चितवन पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि महिला की मौत नारायणी नदी में आई तेज बाढ़ के पानी में बह जाने के कारण हुई थी. पुलिस ने कथित चोरी के मामले में 25 वर्षीय मदन गुरुंग और 38 वर्षीय उमेश चौधरी को गिरफ्तार किया है. नेपाली मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों को गुरुवार, 27 अगस्त 2026 को भरतपुर मेट्रोपॉलिटन सिटी-1 स्थित पोखरा बस पार्क के पास से पकड़ा गया. नेपाल पुलिस ने भी घटना से जुड़े वीडियो को साझा करते हुए संदिग्धों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है.
मृतकको कानको मुन्द्रा चोरी गर्ने व्यक्तिहरु नियन्त्रणमा लिएको सम्बन्धमा । pic.twitter.com/pnPlnQPn9j
— Nepal Police (@NepalPoliceHQ) August 27, 2026
आपदा के बीच लूट पर पुलिस की सख्त चेतावनी
पुलिस ने साफ कहा है कि आपदा के शिकार लोगों के साथ लूटपाट या किसी भी तरह का गलत व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. खासकर ऐसी स्थिति में, जब लोग अपनी जान बचाने और अपनों को तलाशने के लिए संघर्ष कर रहे हों, मृतकों के साथ भी सम्मानजनक व्यवहार इंसानियत की पहली शर्त है.
नेपाल से तिब्बत तक कुदरत का कहर
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब नेपाल के कई हिस्से अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से जूझ रहे हैं. रेस्क्यू टीमें कीचड़ और मलबे के बीच लापता लोगों की तलाश कर रही हैं. कई बस्तियों और सड़कों को भारी नुकसान पहुंचा है. सीमा पार तिब्बत के गाइरोंग पोर्ट इलाके में भी जबरदस्त मडस्लाइड की खबर है. क्रॉसिंग के आसपास गहराई तक कीचड़ जमा हो गया है और बॉर्डर फैसिलिटी को जोड़ने वाली कई सड़कें प्रभावित हुई हैं. लगातार बारिश के बीच अधिकारियों ने आगे भी भूस्खलन और जमीन धंसने की आशंका जताई है. कुदरत की इस त्रासदी में जब हर हाथ को मदद के लिए आगे आना चाहिए, ऐसे में एक मृत महिला के शव से कथित तौर पर गहने उतारने की घटना ने इंसानियत को भीतर तक झकझोर दिया है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

