Nirmala Sitharaman Birthday
Nirmala Sitharaman Birthday: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के जन्मदिन पर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत केंद्र और कई राज्यों के नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं. नेताओं ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुख और दीर्घायु की कामना करते हुए देश की आर्थिक प्रगति में उनके योगदान की सराहना की.
PM मोदी ने आर्थिक सुधारों की तारीफ की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि आर्थिक सुधारों और विकास पर निर्मला सीतारमण के जोर से मजबूत और आत्मनिर्भर भारत बनाने की कोशिशों को गति मिल रही है. उन्होंने ईश्वर से वित्त मंत्री के लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी निर्मला सीतारमण को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने उनके अच्छे स्वास्थ्य, सुख और लंबी आयु की कामना की.
मुख्यमंत्रियों ने भी दीं शुभकामनाएं
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वित्त मंत्री के कुशल नेतृत्व और दूरदर्शी सोच की तारीफ करते हुए कहा कि राष्ट्रहित में लिए गए उनके प्रभावी फैसले भारत की आर्थिक प्रगति और आत्मनिर्भरता को नई गति दे रहे हैं. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भी निर्मला सीतारमण को बधाई देते हुए देश की आर्थिक व्यवस्था को मजबूत करने और विकास को गति देने में उनके समर्पित कार्य की सराहना की. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें बीजेपी की वरिष्ठ सदस्य बताते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके यशस्वी, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की.
Best wishes to FM Nirmala Sitharaman Ji on her birthday. With her emphasis on reforms and economic development, she is adding momentum to our endeavour of being a strong and self-reliant India. May she be blessed with a long and healthy life.@nsitharaman
— Narendra Modi (@narendramodi) August 18, 2026
हिमंता सरमा ने गिनाईं उपलब्धियां
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने निर्मला सीतारमण को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने कई वैश्विक संकटों के दौरान भारत की अर्थव्यवस्था को कुशलता से संभाला है. उन्होंने असम की विकास संबंधी आकांक्षाओं का समर्थन करने के लिए भी वित्त मंत्री का आभार जताया. गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. दोनों ने देश की आर्थिक प्रगति, सुधारों और आत्मनिर्भरता के लिए उनके योगदान की सराहना की.
यह भी पढ़ें: ‘अमित शाह तब बच्चे थे…!’ खड़गे का गृहमंत्री पर बवाली तंज, देशभक्ति पर दे रहे थे ज्ञान
देश की पहली पूर्णकालिक महिला वित्त मंत्री
निर्मला सीतारमण का जन्म 18 अगस्त 1959 को तमिलनाडु के मदुरै में हुआ था. वह 2019 से केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामलों की मंत्री हैं और देश की पहली पूर्णकालिक महिला वित्त मंत्री हैं. इससे पहले वह रक्षा मंत्री का पद भी संभाल चुकी हैं. जन्मदिन के मौके पर नेताओं की बधाइयों में एक बात साझा रही—देश की आर्थिक नीतियों और सुधारों में निर्मला सीतारमण की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया और उनके स्वस्थ एवं लंबे जीवन की कामना की गई.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


