BJP के अध्यक्ष नितिन नबीन अपनी नई टीम के साथ मंथन कर रहे हैं
BJP Nitin Nabin New Team Meeting: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन (Nitin Nabin) ने अपनी नई टीम के साथ कामकाज की शुरुआत कर दी है. नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ उनकी पहली बैठक हो रही है. पूरे दिन चलने वाली इस संगठनात्मक बैठक में पार्टी के सामने मौजूद चुनौतियों से लेकर आने वाले चुनावों की तैयारियों तक कई अहम मुद्दों पर मंथन किया जा रहा है.
मेल-मिलाप का दौर शुरू
बैठक के दौरान नितिन नबीन नए पदाधिकारियों का आपस में परिचय कराएंगे और उन्हें उनकी जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी. पार्टी की तरफ से यह भी समझाया जाएगा कि संगठन के अलग-अलग स्तरों पर बेहतर तालमेल कैसे बनाया जाए. पदाधिकारियों को कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संपर्क में रहने और आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से उठाने पर भी जोर दिया जाएगा.
सोशल मीडिया पर होगा जोर
नई टीम के लिए सोशल मीडिया और मीडिया से बेहतर तरीके से जुड़ना भी अहम जिम्मेदारी होगी. पार्टी चाहती है कि उसके पदाधिकारी संगठन की नीतियों और सरकार के कामकाज को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाएं. साथ ही जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं और लोगों से संवाद मजबूत करने पर भी खास ध्यान दिया जाएगा.
पीएम के 25 साल की होगी तैयारी
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर देशभर में प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी. नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी. इसके बाद से वह लगातार किसी न किसी सार्वजनिक पद पर रहे हैं. 2014 में प्रधानमंत्री बनने से पहले उन्होंने करीब 13 साल गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में काम किया.
7 राज्यों और 2029 के चुनाव की रणनीति
आने वाले चुनाव भी भाजपा की रणनीति में खास जगह रखेंगे. अगले साल सात राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं. इसके अलावा पार्टी ने 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी संगठन को अभी से मजबूत करने की दिशा में काम शुरू कर दिया है. ऐसे में नई टीम से पार्टी की उम्मीदें काफी ज्यादा हैं.
भाजपा ने 17 अगस्त को नितिन नबीन की अगुवाई में 65 सदस्यों वाली नई टीम का ऐलान किया था. इसमें 51 नए चेहरे शामिल हैं. इतनी बड़ी संख्या में बदलाव को संगठन में व्यापक फेरबदल के तौर पर देखा जा रहा है. आने वाले दिनों में यही टीम पार्टी की चुनावी और संगठनात्मक रणनीति को जमीन पर उतारने में अहम भूमिका निभाएगी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

