Bharat Express DD Free Dish

कयासों पर विराम..! नितिन नबीन ने दिया विधायकी से इस्तीफा, अब क्या होगा बांकीपुर की भविष्य?

Nitin Nabin Resigns As MLA: बांकीपुर के सियासी गलियारों में चल रहे कयासों पर आखिरकार विराम लग गया है. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी विधायकी से इस्तीफा दे दिया है. उनके इस बड़े कदम के बाद बिहार की इस हाई-प्रोफाइल सीट पर हलचल तेज हो गई है. अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि बांकीपुर के ‘सिंहासन’ पर अगला दावेदार कौन होगा?

Nitin Nabin Resigns As MLA Bankipur

Nitin Nabin Resigns As MLA: पिछले कुछ दिनों से चल रही सियासी अटकलों पर आखिरकार मुहर लग गई है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बांकीपुर से कद्दावर विधायक नितिन नबीन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. हाल ही में राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने जाने के बाद उनका यह कदम तय माना जा रहा था. अब इस इस्तीफे के बाद पटना की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट खाली हो गई है, जिससे नए उम्मीदवार को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है.

विधानसभा अध्यक्ष को सौंपा जाएगा इस्तीफा (Nitin Nabin Resigns As MLA Bankipur)

नितिन नबीन फिलहाल असम विधानसभा चुनाव के प्रचार में व्यस्त हैं, जिसके चलते वह खुद पटना में मौजूद नहीं हैं. उनकी जगह बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने यह जिम्मेदारी संभाली है. नितिन नबीन ने अपना इस्तीफा संजय सरावगी को भेज दिया है, जो आज (30 मार्च 2026) बिहार विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार को यह कागजात औपचारिक रूप से सौंपेंगे.

क्यों देना पड़ा इस्तीफा? (14 दिनों का नियम)

दरअसल, कुछ दिनों पहले ही बिहार की पांच राज्यसभा सीटों पर चुनाव संपन्न हुए हैं, जिनमें एनडीए (NDA) ने सभी पांचों सीटों पर जीत दर्ज की. इनमें से एक सीट पर नितिन नबीन निर्वाचित हुए हैं. भारतीय संविधान के नियमों के अनुसार, यदि कोई विधायक राज्यसभा का सदस्य बनता है, तो उसे 14 दिनों के भीतर अपनी राज्य विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देना अनिवार्य होता है. जल्द ही नितिन नबीन राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेंगे और राष्ट्रीय राजनीति में अपनी नई पारी की शुरुआत करेंगे.

युवा मोर्चा से केंद्र तक का सफर (Nitin Nabin Political Career)

नितिन नबीन का राजनीतिक सफर बेहद लंबा और अनुभवी रहा है. उन्होंने बीजेपी युवा मोर्चा से लेकर संगठन के शीर्ष स्तर तक काम किया है. जनता के बीच उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे लगातार पांच बार सदन पहुंचे हैं. पहली बार वे पटना पश्चिम क्षेत्र से जीते थे, जिसके बाद लगातार चार बार उन्होंने बांकीपुर विधानसभा सीट से जीत का परचम लहराया.

अब बांकीपुर का अगला उम्मीदवार कौन? (Bankipur After Nitin Nabin)

नितिन नबीन के इस्तीफे के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि अब बांकीपुर जैसी अहम सीट का प्रतिनिधित्व कौन करेगा? इस हाई-प्रोफाइल सीट के लिए फिलहाल डॉ. संजय मयूख का नाम सबसे आगे चल रहा है. संजय मयूख अभी बिहार विधान परिषद के सदस्य होने के साथ-साथ बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी भी हैं. उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और राजनाथ सिंह जैसे शीर्ष नेतृत्व का बेहद करीबी माना जाता है.

ये भी पढ़ें: ‘ईश्वर नहीं सुनेगा तुम्हारी प्रार्थना…’, क्या ट्रंप और नेतन्याहू से सख्त नाराज हैं पोप लियो?

संजय मयूख के अलावा इस सीट पर कुछ अन्य मजबूत ‘कायस्थ चेहरों’ के नामों की भी चर्चा तेज है, जिनमें ऋतुराज सिन्हा, रणवीर नंदन और अजय आलोक शामिल हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व बांकीपुर के भविष्य की कमान किसके हाथों में सौंपता है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read