Cold Wave India: उत्तर भारत में ठंड ने लोगों का जीवन मुश्किल बना दिया है. अगर आप ठंड से राहत का इंतजार कर रहे हैं तो अभी आपको कुछ दिन और इंतजार करना पड़ सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, आज और कल देश के अलग-अलग इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है. साथ ही कई राज्यों में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ इलाकों में साल के अंतिम दिनों में कड़ाके की ठंड पड़ सकती है.
कश्मीर घाटी में बर्फबारी
कश्मीर घाटी के कई इलाकों में मंगलवार दोपहर को बर्फबारी दर्ज की गई. बांदीपोरा के गुरेज, कुपवाड़ा के माछिल और बारामूला के गुलमर्ग सहित उत्तरी कश्मीर के हिस्सों में बर्फबारी हुई है. मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण आज और कल जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है.
मैदानी इलाकों में कोहरे का असर
पहाड़ों पर हो रहे बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों में भी साफ देखने को मिल रहा है. दिल्ली–एनसीआर में आज भीषण कोहरा छाया हुआ है. कोहरे के वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. वहीं मौसम विभाग का कहना है कि हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 1 जनवरी तक घना कोहरा रहेगा. इसके बाद ही कोहरे का असर कम हो सकता है.
बिहार में कड़ाके की ठंड
मौसम विभाग ने बताया कि बिहार के कुछ इलाकों में आज कड़ाके की ठंड पड़ सकती है. न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहने और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज होने की संभावना है. इसे शीत दिवस की स्थिति कहा जाता है.
कहां-कहां शीतलहर और कोहरे की चेतावनी?
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 1 जनवरी तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश व ओडिशा में 2 जनवरी तक घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है. हिमाचल प्रदेश में आज, उत्तराखंड में 4 जनवरी तक, राजस्थान में 1 से 4 जनवरी तक और बिहार में 5 जनवरी तक शीत दिवस पड़ सकता है.
ये भी पढ़ें-अटल विचारधारा सबको साथ लेकर चलने वाली है- डॉ. दिनेश शर्मा
पूर्वी भारत और उत्तर-पूर्व में ठंड
छत्तीसगढ़, झारखंड और पूर्वी मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में आज तक शीत लहर की स्थिति बनी रह सकती है. पश्चिमी राजस्थान में 2 और 3 जनवरी, तेलंगाना व उत्तरी कर्नाटक में 1 जनवरी तक और हिमाचल प्रदेश में आज से 3 जनवरी तक शीत लहर की संभावना है. वहीं असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 4 जनवरी तक भीषण ठंड पड़ सकती है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
