Urdu Conclave 2026

ओडिशा में बीजेपी सरकार के 2 साल पूरे: पीएम मोदी के मार्गदर्शन में विकास की नई ऊंचाई पर राज्य, 20 जून को जुटेंगे दिग्गज

ODISHA NEWS: ओडिशा में बीजेपी सरकार के सफल 2 साल पूरे होने पर 20 जून को भव्य कार्यक्रम होगा. इसमें पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शामिल होंगे.

President Droupadi Murmu

President Droupadi Murmu

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

President Droupadi Murmu: ओडिशा के इतिहास में विकास का एक नया स्वर्णिम अध्याय लिखने वाली मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार अपने कार्यकाल के दो साल सफलतापूर्वक पूरे करने जा रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन और डबल इंजन सरकार की नीतियों के कारण इन दो वर्षों में ओडिशा ने प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुआ है. इस ऐतिहासिक उपलक्ष्य में आगामी 20 जून को मयूरभंज जिले के रायरांगपुर में एक विशेष और गौरवमयी कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है. इस महा-उत्सव की गरिमा बढ़ाने के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु खुद इस पावन धरती पर पधार रहे हैं.

मुख्यमंत्री कार्यालय ने की पुष्टि, तैयारियां तेज

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने मंगलवार को आधिकारिक रूप से इस बात की पुष्टि कर दी है कि देश के दोनों शीर्ष नेता इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. इस बेहद महत्वपूर्ण कार्यक्रम को भव्य और सुचारू बनाने के लिए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने खुद कमान संभाल ली है. सोमवार को लोक सेवा भवन में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने, आम जनता के लिए पानी, बैठने और पार्किंग जैसी बेहतरीन सुविधाएं सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री माझी ने हाल ही में दिल्ली दौरे के दौरान पीएम मोदी को सादर आमंत्रित किया था, जिसे प्रधानमंत्री ने सहर्ष स्वीकार कर लिया.

सादगी और संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल

एक तरफ जहां सरकार अपनी बड़ी उपलब्धियों को जनता के सामने रखेगी, वहीं दूसरी तरफ बीजेपी सरकार ने अपनी गहरी संवेदनशीलता का परिचय भी दिया है. पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में चल रहे वैश्विक संघर्ष को देखते हुए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने निर्देश दिया है कि यह उत्सव सादगी और संयम के साथ मनाया जाएगा. सरकार फिजूलखर्ची और बड़े तामझाम से बचते हुए पूरा ध्यान पिछले दो वर्षों में जनकल्याण, गरीब उत्थान, बुनियादी ढांचे के विकास और सुशासन के क्षेत्र में किए गए ऐतिहासिक कार्यों को जनता तक पहुंचाने पर केंद्रित करेगी.

यह भी पढ़ें: अमित शाह का पूर्वोत्तर दौरा; शिलांग में NEC बैठक के बाद जाएंगे त्रिपुरा, भारत-बांग्लादेश सीमा सुरक्षा की करेंगे समीक्षा

24 साल के कुशासन का अंत कर बनाई थी सरकार

बता दें कि 12 जून 2024 को ओडिशा के इतिहास में एक नया सूरज उगा था, जब भाजपा ने पूर्ण बहुमत हासिल कर पहली बार राज्य में अपनी सरकार बनाई थी. पीएम मोदी के प्रति जनता के अटूट विश्वास के कारण ही ओडिशा के लोगों ने बीजू जनता दल (बीजेडी) के 24 साल पुराने शासन को उखाड़ फेंका था. पिछले दो वर्षों में बीजेपी सरकार ने किसानों, महिलाओं, आदिवासियों और युवाओं के जीवन को बदलने के लिए कई शानदार योजनाएं लागू की हैं, जिसकी गूंज आज पूरे राज्य में सुनाई दे रही है. 20 जून का यह कार्यक्रम ओडिशा के इसी गौरवमयी सफर का एक बड़ा उत्सव साबित होगा.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read