Odisha Hospital Fire: ओडिशा के कटक स्थित सरकारी SCB मेडिकल कॉलेज में सोमवार तड़के बड़ा हादसा हुआ. अस्पताल के ट्रॉमा केयर विभाग की ICU में अचानक आग लग गई, जिसमें 10 मरीजों की जान चली गई. इस दौरान 11 अस्पताल कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जो मरीजों को बचाने की कोशिश कर रहे थे. घटना रात करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच हुई.
फायर ब्रिगेड ने घंटों बाद पाया काबू
आग लगते ही फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और लंबे प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया. अस्पताल स्टाफ, पुलिस और मरीजों के परिजनों ने मिलकर ICU में भर्ती मरीजों को अन्य वार्डों में शिफ्ट किया. हालांकि कई मरीजों की हालत गंभीर थी, जिसके चलते मौतों का आंकड़ा बढ़ता गया.
मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री पहुंचे अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया. शुरुआती जांच में शॉर्ट-सर्किट को आग की वजह माना जा रहा है. मुख्यमंत्री ने बताया कि कुल 23 मरीजों को अन्य विभागों में शिफ्ट किया गया था, जिनमें से 7 की मौत ट्रांसफर के दौरान और 3 की बाद में हुई.
मुआवज़ा और जांच के आदेश
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए 25 लाख रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है. साथ ही घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं. राज्य सरकार ने इस घटना की न्यायिक जांच के आदेश भी जारी कर दिए हैं, ताकि आग लगने की असली वजह और जिम्मेदारियों का पता चल सके.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


