हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि ऐसा साहसिक और निर्णायक कदम अगर कोई उठा सकता है, तो वह केवल प्रधानमंत्री मोदी हैं. मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने स्वयं प्रधानमंत्री से मुलाकात कर इस सैन्य कार्रवाई के लिए उन्हें धन्यवाद दिया है.
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि 2014 से पहले जब देश में आतंकवादी हमले होते थे, तो अक्सर सरकार की ओर से कोई ठोस जवाब देखने को नहीं मिलता था. लेकिन अब स्थितियां बदल चुकी हैं. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना हर आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब देती है, और जहां आतंकवाद की जड़ें पनपती हैं, वहां जाकर उन्हें खत्म किया जाता है.
उन्होंने हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि देश की जनता इस हमले से आक्रोशित थी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रही थी. प्रधानमंत्री ने इस जनभावना को समझते हुए समय रहते ठोस कदम उठाए और आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक रुख अपनाया.
मुख्यमंत्री ने उरी और पुलवामा हमलों के बाद हुई सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक का हवाला देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हर बार यह साबित किया है कि भारत अब आतंकवाद को सहन नहीं करेगा. उन्होंने कहा, “हम अब आतंकियों को बख्शने वाले नहीं हैं. जो देश की संप्रभुता और गरिमा पर हमला करेगा, उसे उसी की भाषा में जवाब मिलेगा.”
नायब सिंह सैनी ने कहा कि पीएम मोदी का स्पष्ट संदेश है कि अब आतंकवाद को पालने वाली धरती को भी बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा, “जहां से आतंकी पैदा होते हैं, अब वहीं हमला होता है. यही है प्रधानमंत्री मोदी का 56 इंच का सीना, जो देश की रक्षा के लिए हर चुनौती का सामना करने को तैयार है.”
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

