Pappu Yadav Parliament Protest: अयोध्या राम मंदिर में दान की कथित हेराफेरी को लेकर संसद परिसर में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव के भगवा कपड़े पहनने पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया. बीजेपी ने इसे सनातन धर्म का अपमान बताया और कांग्रेस व समाजवादी पार्टी पर इस प्रदर्शन में शामिल होने का आरोप लगाया. वहीं विपक्ष ने पलटवार करते हुए पूछा कि दान चोरी के मामले में मुख्य आरोपी के खिलाफ अब तक क्या कार्रवाई हुई है.
बीजेपी का आरोप
संसद परिसर में बातचीत के दौरान बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि आजादी से लेकर अब तक कांग्रेस और विपक्ष ने संतों और भगवा का अपमान किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान राम और मंदिर के चंदे का नाम लेकर विपक्ष ने सनातन को बदनाम करने की कोशिश की है. साक्षी महाराज ने कहा कि जनता सब देख रही है और आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगी.
गिरिराज सिंह ने क्या कहा?
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाया कि उन्होंने पप्पू यादव को साधु का भेष पहनाया और उन्हें ‘चंदा चोर’ कहा. उन्होंने कहा कि गेरुआ वस्त्र पहनाकर इस तरह का प्रदर्शन करना दुर्भाग्यपूर्ण है और यह सनातन का अपमान है. गिरिराज सिंह ने कहा कि यह अपराध कभी माफ नहीं किया जाएगा.
बीजेपी सांसदों की नाराजगी
बीजेपी सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि संतों के कपड़े पहनने पर किसी को आपत्ति नहीं है, लेकिन अगर उसी वेशभूषा में यह कहा जाए कि संत चोरी करते हैं तो यह परंपरा का अपमान है. उन्होंने कहा कि संसद में इस तरह का व्यवहार अस्वीकार्य है. बीजेपी सांसद बृज लाल ने भी इसे हिंदू धर्म और संत समाज का अपमान बताया और कहा कि संत समाज पप्पू यादव को कभी माफ नहीं करेगा.
विपक्ष का बचाव
समाजवादी पार्टी के सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने कहा कि पप्पू यादव राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य के तौर पर विरोध में शामिल हुए थे. उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रस्ट से जुड़े लोगों ने मंदिर में चढ़ावे की चोरी की है और मुख्य आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है. यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भी बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी और आरएसएस ने भगवान राम के नाम पर सत्ता हासिल की और फिर मंदिर के फंड का गबन किया. उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर निर्माण में 40 प्रतिशत कमीशन लिया गया.
ये भी पढ़ें-नौटंकी करो, भगवान राम का अपमान नहीं! राहुल गांधी के साथ मिलकर पप्पू यादव ने ये क्या कर दिया?
धर्मेंद्र यादव का क्या कहना है?
समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि विपक्ष का मकसद किसी का अपमान करना नहीं था. उन्होंने कहा कि सभी विपक्षी नेताओं के दिलों में भगवान राम के प्रति गहरी श्रद्धा है. धर्मेंद्र यादव ने सवाल उठाया कि सरकार ने दान चोरी के मामले में अब तक क्या कार्रवाई की है, जबकि इस घटना को सामने आए दो महीने हो चुके हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


