Bharat Express DD Free Dish

बिहार में शिक्षक भर्ती को लेकर उग्र प्रदर्शन, पटना की सड़कों पर उतरे हजारों छात्र

Patna student protest: पटना में BPSC TRE 4.0 शिक्षक भर्ती विज्ञापन की मांग को लेकर हजारों अभ्यर्थियों ने बड़ा प्रदर्शन किया. पटना कॉलेज से शुरू हुए मार्च के दौरान डाकबंगला चौराहे तक प्रदर्शन पहुंचा, जहां पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया.

Patna student protest

Patna student protest: बिहार में पटना की सड़कों पर शुक्रवार (8 मई) को बीपीएससी अभ्यर्थियों का बड़ा प्रदर्शन देखने को मिल रहा है. शिक्षक भर्ती के चौथे चरण (BPSC TRE 4.0) के विज्ञापन की मांग को लेकर करीब 10 हजार अभ्यर्थी सड़कों पर उतर आए. पटना कॉलेज से शुरू हुआ यह जुलूस डाकबंगला चौराहे की ओर बढ़ा, जिससे शहर के कई इलाकों में यातायात प्रभावित हो गया. इसी दौरान प्रदर्शन को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की ओर से कार्रवाई करते हुए लाठी चार्ज किया गया.

पटना में स्टूडेंट क्यों कर रहे हैं प्रदर्शन?

छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में चल रहे इस प्रदर्शन में अभ्यर्थियों ने अपनी नाराजगी के पीछे कई वजहें बताई हैं. उनका कहना है कि सरकार TRE 3 की भर्ती प्रक्रिया को बहुत धीरे आगे बढ़ा रही है, जबकि बड़ी संख्या में छात्र TRE 4 के विज्ञापन का इंतजार कर रहे हैं.

स्टूडेंट्स यह भी मांग कर रहे हैं कि खाली पदों की सही जानकारी सार्वजनिक की जाए और भर्ती विज्ञापन जारी करने की एक तय समय सीमा घोषित हो. इसके साथ ही वे यह भी चाहते हैं कि शिक्षक भर्ती में बिहार के स्थानीय उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने वाली डोमिसाइल नीति को सख्ती से लागू किया जाए.

अनिश्चितकाल तक चलेगा आदोलन- छात्र नेता

छात्र नेता दिलीप कुमार ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार मंत्रिमंडल विस्तार में व्यस्त है, लेकिन उन युवाओं की तरफ ध्यान नहीं दे रही जो लंबे समय से लाइब्रेरी में पढ़ाई कर रहे हैं और मानसिक-शारीरिक तनाव झेल रहे हैं. उन्होंने कहा कि अगर आज भी भर्ती विज्ञापन जारी नहीं किया गया, तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन धरने और घेराव में बदल दिया जाएगा.

डाकबंगला चौराहे पर 10 हजार स्टूडेंट्स

वहीं, डाकबंगला चौराहे पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी जुट गए हैं. हालात को देखते हुए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया है और वाटर कैनन भी लगाए हैं. पूरे इलाके को घेर लिया गया है. करीब 10 हजार लोगों की भीड़ के कारण पटना में ट्रैफिक पूरी तरह प्रभावित है, जिससे एम्बुलेंस और स्कूल बसों को भी निकलने में दिक्कत हो रही है. अब तक शिक्षा विभाग या नए मंत्रियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, जिससे प्रदर्शन कर रहे छात्रों में नाराजगी और बढ़ गई है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read