Khan sir coaching attack: पटना में खान सर की कोचिंग इंस्टीट्यूट पर हुए हमले का मामला अब और पेचीदा हो गया है. पहले पुलिस ने कहा था कि गोलीबारी नहीं हुई लेकिन गुरुवार को सामने आए एक नए वीडियो ने तस्वीर बदल दी. इस वीडियो में दो लोग हवा में गोलियां चलाते दिख रहे हैं. चर्चा है कि उनमें से एक खान सर का बॉडीगार्ड भी हो सकता है.
वीडियो में क्या दिखा?
यह फुटेज विरोधी कोचिंग ज्ञान बिंदु की ओर से जारी किया गया है. इसमें साफ दिख रहा है कि दो लोग तीन राउंड फायरिंग करते हैं. वीडियो में वह बोर्ड भी जमीन पर गिरा हुआ नजर आता है, जिसे 2 जून की रात उपद्रवियों ने गिराया था. इससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह वही रात थी जब कोचिंग पर हमला हुआ था.
पुलिस और खान सर के बयान में फर्क
मंगलवार रात जब विवाद हुआ था तब खान सर ने मीडिया को बताया था कि उनकी कोचिंग पर गोलियां चलाई गईं. लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद कहा कि गोली चलने का कोई सबूत नहीं मिला. इसके बाद खान सर ने भी अपना बयान बदल दिया था. अब नए वीडियो के सामने आने से पुलिस ने जांच फिर से शुरू कर दी है.
विरोधी कोचिंग के डायरेक्टर गिरफ्तार
पुलिस की जांच में सामने आया कि यह पूरा मामला पटना की दो बड़ी कोचिंग संस्थाओं की दुश्मनी का नतीजा है. कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद और उनके दो सहयोगियों अभिषेक व गौरव को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल रौशन आनंद बेऊर जेल में बंद हैं. इस घटना में खान सर की कोचिंग के एक गार्ड को गंभीर चोट लगी थी, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है.
रौशन आनंद ने क्या कहा?
जेल जाने से पहले रौशन आनंद ने आरोपों को गलत बताया. उनका कहना है कि हाल ही में हुई बिहार पुलिस की परीक्षा में उनकी कोचिंग के छात्रों का रिजल्ट शानदार रहा है. इसी सफलता से चिढ़कर खान सर ने उन्हें फंसाने की कोशिश की है. उन्होंने यह भी कहा कि वे किडनी के मरीज हैं, हाल ही में उनका ऑपरेशन हुआ है और वे लंबे समय से बीमार चल रहे हैं.
ये भी पढ़ें-मुजफ्फरपुर हॉस्पिटल हादसे में 95 साल की दादी बनीं हीरो, बचाई कई मरीजों की जान
मामला और उलझा
नए वीडियो ने इस विवाद को और जटिल बना दिया है. अब पुलिस को यह तय करना होगा कि गोली चलाने वाले कौन थे और इसमें किसकी भूमिका थी. खान सर और विरोधी कोचिंग के बीच की यह दुश्मनी पटना में शिक्षा जगत की साख पर भी सवाल खड़े कर रही है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

