Bharat Express DD Free Dish

पटना: शराब माफियाओं ने पुलिस टीम पर किया हमला, 11 पुलिसकर्मी घायल, दो वाहन जलाए, पांच गिरफ्तार

पटना के पालीगंज में अवैध शराब माफियाओं ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसमें 11 पुलिसकर्मी घायल हो गए. दो पुलिस वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया.

Patna Police Attack

बिहार के पालीगंज में अवैध शराब कारोबारियों ने छापेमारी के दौरान पुलिस टीम पर हमला कर दिया. इस हमले में 11 पुलिसकर्मी घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

यह छापेमारी होली से पहले राज्य में अवैध शराब निर्माण को रोकने के लिए की जा रही थी. छापेमारी के दौरान शराब माफियाओं ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया और दो पुलिस वाहनों को आग के हवाले कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही कई थानों की पुलिस और डीएसपी मौके पर पहुंचे. पुलिस अब फरार शराब माफियाओं की तलाश में जुटी है.

थाना प्रभारी का बयान

रणिताल थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया, “होली का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के लिए पुलिस अवैध शराब निर्माण को रोकने के लिए छापेमारी कर रही है. जब पुलिस ने राघोपुर में छापेमारी की तो शराब माफियाओं ने हमला कर दिया. इसमें दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और 11 पुलिसकर्मी घायल हो गए. सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.”

डीएसपी का बयान

वहीं, डीएसपी प्रीतम सिंह ने बताया, “रणिताल पुलिस स्टेशन को सूचना मिली थी कि राघोपुर मुशहरी में होली के लिए अवैध देशी शराब बनाई जा रही है. इसके बाद पुलिस टीम वहां छापेमारी करने पहुंची. तभी अचानक शराब माफियाओं ने पत्थरबाजी शुरू कर दी. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया. अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, बाकी आरोपियों की तलाश जारी है.”


ये भी पढ़ें- मणिपुर में फ्री मूवमेंट लागू होने के बाद हिंसा, एक की मौत, 27 जवान घायल


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read