PM Modi on Congress In Kaziranga: पीएम मोदी ने रविवार को असम में काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर प्रोजेक्ट का भूमि पूजन किया. उन्होंने दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई. इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने अपने सियासी फायदे के लिए असम में अस्थिरता पैदा की और असम को हिंसा की आग में धकेला.
पीएम मोदी ने आरोप लगाए हैं कि कांग्रेस ने अपने सियासी फायदे के लिए असम में अस्थिरता पैदा की और राज्य को हिंसा की आग में धकेला. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ सरकारें बनाने और कुछ वोट पाने के लिए असम की मिट्टी को घुसपैठियों को सौंप दिया था. उन्होंने कहा कि-
‘आजादी के बाद असम के सामने बड़ी चुनौतियां थीं, लेकिन कांग्रेस ने उन समस्याओं का समाधान खोजने की बजाय उस पर सियासी रोटियां सेंकी. उन्होंने कहा कि जब विश्वास की जरूरत थी, तब कांग्रेस ने विभाजन को बढ़ाया. जब संवाद की जरूरत थी, तब कांग्रेस ने उपेक्षा की और बातचीत के रास्ते बंद किए. जब जरूरत अपने लोगों के जख्म भरने और असम के लोगों की सेवा करने की थी, तब कांग्रेस असम के दरवाजे घुसपैठियों के आवभगत में लगी रही.’
कांग्रेस असम के लोगों को अपना नहीं मानती- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में आगे कहा कि कांग्रेस असम के लोगों को अपना नहीं मानती है. कांग्रेस के लोगों को विदेशी घुसपैठिए ज्यादा पसंद हैं, क्योंकि वे यहां आकर कांग्रेस के कट्टर वोट बैंक बन जाते हैं. इसलिए कांग्रेस के राज में विदेशी घुसपैठिए आते रहे, असम की लाखों बीघा जमीन पर कब्जा करते रहे और कांग्रेस सरकार उनकी मदद करती रही.
उन्होंने कहा कि जब हम असम की कला, संस्कृति और पहचान का सम्मान करते हैं, तो कुछ लोग ऐसे भी हैं, जिन्हें तकलीफ हो जाती है. असम का सम्मान कांग्रेस के लोगों को अच्छा नहीं लगता. कांग्रेस ने भूपेन हजारिका जी को भारत रत्न देने का विरोध किया था. कांग्रेस के कर्नाटक सरकार के मंत्री ने असम में सेमीकंडक्टर यूनिट का विरोध किया था.
भाजपा ने भावना को बदलने का काम किया
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नॉर्थ ईस्ट की सबसे बड़ी पीड़ा हमेशा दूरी की रही है. दूरी दिलों की और दूरी स्थानों की रही. दशकों तक यहां के लोगों को ये महसूस होता रहा कि देश का विकास दूसरी जगह हो रहा है और वे पीछे छूट रहे हैं. इसका असर सिर्फ अर्थव्यवस्था पर नहीं पड़ा, बल्कि भरोसे पर भी पड़ा. इस भावना को बदलने का काम भाजपा ने किया.
ये भी पढ़ें: काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर का भूमि पूजन, पीएम बोले- यह पार्क नहीं, असम की आत्मा है
प्रधानमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने नॉर्थ ईस्ट के विकास को प्राथमिकता बनाया है. रोडवेज, रेलवे, एयरवेज और वाटरवेज के माध्यम से असम को जोड़ने का काम एक साथ शुरू हुआ, लेकिन कांग्रेस ने कभी इसकी परवाह नहीं की. जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तो असम को बहुत कम (लगभग 2000 करोड़ रुपए) रेल बजट मिलता था. अब भाजपा सरकार ने इसे बढ़ाकर लगभग 10 हजार करोड़ रुपए सालाना कर दिया है.
नोट- यह खबर एजेंसी (IANS) फीड से सीधे पब्लिश की गई है. इसमें किसी भी जानकारी को नहीं बदला गया है. खबर को पढ़ने लायाक बनाने के लिए लिए केवल हेडलाइन बदली गई है. वहीं पैराग्राफ से पहले सबहेड जोड़े गए हैं. इस स्टोरी को लेकर भारत एक्सप्रेस की किसी भी तरह की नैतिक जिम्मेदारी नहीं होगी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


