Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

‘समय से पहले आ गई दिवाली…’: पीएम मोदी के दौरे से गदगद हुए बनासकांठा के लोग, अनोखे अंदाज में होगा स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा जिले के दौरे पर हैं. इस दौरान पीएम मोदी भिलडी स्थित ‘एनिमल ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर’ (बीबीआरसी) का उद्घाटन करेंगे. अपनी इस यात्रा में पीएम मोदी पशुपालकों और किसानों के साथ विशेष ‘खाटला बैठक’ भी करेंगे.

Modi

गुजरात के बनासकांठा जिले में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. पीएम मोदी अपने इस दौरे के दौरान भिलडी में बने ‘एनिमल ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर’ (बीबीआरसी) का उद्घाटन करेंगे. इसके साथ ही वह इलाके के किसानों और पशुपालकों से मुलाकात कर उनसे सीधे बातचीत भी करेंगे. इस बातचीत के लिए एक खास ‘खाटला बैठक’ रखी गई है, जो इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है.

इस कार्यक्रम की सबसे खास बात यह है कि यहां आम वीआईपी कार्यक्रमों की तरह सोफे और आरामदायक कुर्सियां नहीं लगाई गई हैं. इसके बजाय मेहमानों के बैठने के लिए पारंपरिक खाटलों यानी चारपाइयों का इंतजाम किया गया है. खास तौर पर तैयार किए गए वीआईपी जोन में भी चारपाइयां रखी गई हैं. प्रधानमंत्री इन्हीं खाटलों पर बैठकर किसानों और पशुपालकों के साथ बातचीत करेंगे. इस पहल के जरिए स्थानीय संस्कृति और ग्रामीण जीवनशैली की झलक भी देखने को मिलेगी.

पीएम के स्वागत के लिए उत्साहित हैं बनासकांठा के लोग

प्रधानमंत्री के आने की खबर से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है. खासकर महिलाएं और पशुपालन से जुड़ी महिलाएं इस कार्यक्रम को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रही हैं. लोगों का कहना है कि प्रधानमंत्री का उनके बीच आना उनके लिए बेहद खास मौका है.

स्थानीय महिला चहुबेन ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत को लेकर पूरे इलाके में उत्साह है. उन्होंने खाटला बैठक की व्यवस्था पर खुशी जताते हुए कहा कि आजकल ज्यादातर कार्यक्रमों में कुर्सियां ही देखने को मिलती हैं, लेकिन यहां प्रधानमंत्री पारंपरिक तरीके से लोगों के बीच बैठकर बातचीत करेंगे. यह हमारी संस्कृति और परंपरा से जुड़ी हुई बात है. कार्यक्रम के लिए जिस तरह की तैयारियां की गई हैं, उन्हें देखकर काफी अच्छा लग रहा है.

महिलाओं के लिए दीपावली जैसा है पीएम का दौरा

वहीं, गीताबेन ने प्रधानमंत्री के दौरे को अपने लिए किसी त्योहार से कम नहीं बताया. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का बनासकांठा आना यहां के लोगों के लिए बहुत खुशी की बात है. उनके मुताबिक, ऐसा महसूस हो रहा है जैसे दीपावली का त्योहार समय से पहले ही आ गया हो.

गीताबेन ने बताया कि प्रधानमंत्री भिलडी में एनिमल ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर का उद्घाटन करने आ रहे हैं. इसे लेकर गांव के लोगों में काफी उत्सुकता है. उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर की गई व्यवस्थाओं की भी तारीफ की और कहा कि सभी तैयारियां अच्छी तरह से की गई हैं.

गांव की परंपरा के मुताबिक होगा प्रधानमंत्री का स्वागत

एक अन्य महिला पशुपालक ने बताया कि उनके गांव में जब भी कोई मेहमान आता है, तो उसके बैठने के लिए खाटला बिछाया जाता है. यही गांव की पुरानी परंपरा है. ऐसे में जब देश के प्रधानमंत्री उनके यहां आ रहे हैं, तो उनके स्वागत के लिए भी इसी परंपरा को अपनाया गया है.

उन्होंने प्रधानमंत्री की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उनके मुताबिक, सरकारी योजनाओं से गांवों में रहने वाले परिवारों को काफी फायदा मिला है. आज घर-घर तक पानी पहुंचा है और पशुपालकों की आमदनी में भी बढ़ोतरी हुई है. महिला ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पशुपालकों और ग्रामीण परिवारों के लिए कई काम किए हैं, इसलिए उनके आने से लोगों में खास खुशी है.

ये भी पढ़ें – PM Kisan 24th Installment: किसानों की दिवाली होगी रोशन, आज पीएम मोदी भेजेंगे 24वीं किस्त के 2000 रुपये

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital