Bharat Express DD Free Dish

पीएम मोदी के जन्मदिवस पर उत्तराखंड में जलेंगे ‘आशीर्वाद दीप’, सीएम धामी ने की अपील

पीएम मोदी के जन्मदिवस (17 सितंबर) के मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की जनता से अपील की है कि वे ‘आशीर्वाद दीप’ प्रज्वलित कर पीएम मोदी के उत्तम स्वास्थ्य की कामना करें.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर को लेकर भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में अलग-अलग कार्यक्रमों की तैयारियां चल रही हैं. इसी कड़ी में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की जनता से खास अपील की है. उन्होंने लोगों से कहा है कि 17 सितंबर की शाम अपने घरों में ‘आशीर्वाद दीप’ जलाकर प्रधानमंत्री मोदी के अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र और मंगलमय जीवन की कामना करें.

मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए यह अपील की. उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को देश को नई दिशा और नई गति देने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस है. धामी ने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन को राष्ट्रसेवा, समर्पण और संकल्प की यात्रा बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत लगातार आगे बढ़ रहा है और दुनिया के मंच पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है.

शाम 6 से 7 बजे तक जलाया जाएगा दीप

सीएम धामी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि 17 सितंबर की शाम 6 बजे से 7 बजे के बीच ‘आशीर्वाद दीप’ प्रज्वलित करें. उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की धरती से प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए शुभकामनाएं दी जाएं. मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रधानमंत्री का उत्तराखंड और यहां के लोगों से विशेष आत्मीय लगाव रहा है.

इस अभियान को लेकर भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी लोगों से जुड़ने की अपील की है. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आह्वान जनसेवा और राष्ट्रसेवा की उस भावना को लोगों तक पहुंचाने वाला है, जिसे प्रधानमंत्री मोदी ने अपने करीब 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में नई ऊंचाई दी है.

गोयल ने भी लोगों से 17 सितंबर को शाम 6 से 7 बजे के बीच अपने घरों में ‘आशीर्वाद दीप’ जलाने और प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करने को कहा. साथ ही उन्होंने इसे विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने से जोड़ते हुए लोगों की भागीदारी की अपील की.

भाजपा नेताओं ने भी की भागीदारी की अपील

भाजपा सांसद संबित पात्रा ने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन और उनकी कार्यशैली का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘जनसेवा से देशसेवा’ उनके जीवन का मूल ध्येय रहा है. उन्होंने प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित यात्रा बताया.

संबित पात्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है. उन्होंने लोगों से अपील की कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर शाम 6 से 7 बजे के बीच अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएं और उनके उत्तम स्वास्थ्य तथा दीर्घायु की प्रार्थना करें.

वहीं, भाजपा सांसद अनिल बलूनी ने भी लोगों से इस पहल में शामिल होने की अपील की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशवासियों को अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करनी चाहिए. बलूनी ने भी 17 सितंबर की शाम घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने और प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं लंबे जीवन की कामना करने की बात कही.

ये भी पढ़ें-पीएम के 25 साल के जनसेवा सफर पर MP में सेवा का महाकुंभ,17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read