राजधानी के भारत मंडपम (Bharat Mandapam) में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन (BRICS Summit 2026) का आज दूसरा और अंतिम दिन है. आज के दिन ब्रिक्स सदस्य देशों, पार्टनर देशों और आउटरीच आमंत्रित देशों के राष्ट्राध्यक्ष नई दिल्ली पहुंच चुके हैं. आधिकारिक ग्रुप फोटो के बाद आज का मुख्य खुला सत्र शुरू होगा, जिसका मुख्य विषय ‘लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता: समावेशी वैश्विक विकास के लिए भविष्य को आकार देना’ रखा गया है.
दो दिवसीय इस महासम्मेलन का समापन ऐतिहासिक ‘न्यू दिल्ली डिक्लेरेशन’ (New Delhi Declaration) के विमोचन के साथ होगा. आज का दिन पीएम मोदी के बैठकों के नाम होगा. जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री 7 बड़ी बैठकें करने वाले हैं.
मिनट-टू-मिनट शेड्यूल (PM Modi BRICS Summit Schedule)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर से लेकर शाम तक लगातार 7 हाई-लेवल द्विपक्षीय बैठकों की अध्यक्षता करेंगे. आज का पूरा टाइमटेबल इस प्रकार है.
- दोपहर 2:30 बजे: कजाकिस्तान गणराज्य के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव के साथ बैठक.
- दोपहर 3:00 बजे: फिलीपींस गणराज्य के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के साथ वार्ता.
- दोपहर 3:30 बजे: मिस्र (इजिप्ट) अरब गणराज्य के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी के साथ मीटिंग.
- शाम 4:10 बजे: दक्षिण अफ्रीका गणराज्य के राष्ट्रपति मातामेला सिरिल रामफोसा के साथ द्विपक्षीय चर्चा.
- शाम 4:40 बजे: बुरुंडी गणराज्य के राष्ट्रपति एवारिस्टे नदाइशमिये के साथ बैठक.
- शाम 5:10 बजे: नाइजीरिया संघीय गणराज्य के उपराष्ट्रपति सीनेटर काशिम शेट्टिमा के साथ वार्ता.
- शाम 5:40 बजे: युगांडा गणराज्य की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो के साथ आखिरी कूटनीतिक बैठक.
‘न्यू दिल्ली डिक्लेरेशन’ के साथ होगा भव्य समापन (BRICS Summit 2026 Update)
आज के इन सभी सत्रों और बैठकों के बाद ब्रिक्स 2026 का आधिकारिक घोषणापत्र जारी किया जाएगा. कूटनीतिक जानकारों का मानना है कि भारत की अध्यक्षता में आयोजित यह शिखर सम्मेलन ग्लोबल साउथ (Global South) की आवाज को बुलंद करने और वैश्विक बहुपक्षवाद को नई दिशा देने में मील का पत्थर साबित होगा.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
