Bharat Express DD Free Dish

नांदेड़ में खून से लाल हुआ हाईवे! खौफनाक हादसे के बाद पीएम मोदी ने खोला राहत कोष; 8 दर्दनाक मौतों पर शोक

महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुवार शाम एक खौफनाक सड़क हादसे ने 8 लोगों की जिंदगी छीन ली. ट्रक और वैन की इस भीषण टक्कर के बाद मची चीख-पुकार के बीच पीएम मोदी ने गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के लिए बड़ा ऐलान कर दिया है.

Prime Minister Narendra Modi expressing grief over the tragic Nanded road accident in Maharashtra where 8 people died in a horrific truck and van collision

फाइल फोटो- IANS

महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुवार शाम एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे (Road Accident) ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया. नांदेड़-भोकर हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्रक और टाटा मैजिक वैन के बीच हुई आमने-सामने की सीधी टक्कर में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. इस भीषण हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने गहरा शोक व्यक्त किया है और पीड़ित परिवारों के लिए तत्काल आर्थिक मदद की घोषणा की है.

आमने-सामने की टक्कर, उड़ गए वैन के परखच्चे

पुलिस के मुताबिक, यह खौफनाक हादसा वाकद गांव के पास सीताखंडी इलाके में हुआ. टाटा मैजिक वैन नांदेड़ से भोकर की ओर जा रही थी, जिसमें कुल 12 लोग सवार थे. तभी सामने से आ रहे एक ट्रक ने वैन को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और वह सड़क से दूर जा गिरी.

टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रक का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया.

PM मोदी ने जताया दुख, किया 2-2 लाख का ऐलान

हादसे की खबर मिलते ही प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर दुख व्यक्त किया. पीएम मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र के नांदेड़ में हुए हादसे में लोगों की मौत से दुखी हूं. दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं.

घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं.” इसके साथ ही पीएम मोदी ने राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि (Ex-gratia) और गंभीर रूप से घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है.

फिलहाल पुलिस ने सभी 8 शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और गंभीर रूप से घायल लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस भीषण टक्कर के पीछे की असली वजह क्या थी. क्या किसी वाहन का ब्रेक फेल हुआ था या यह ओवरस्पीडिंग का मामला है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read