PM Modi On Putin Residence Drone Strike: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास को निशाना बनाए जाने की खबरों पर गहरी चिंता व्यक्त की है. रूस के इस दावे के बाद कि यूक्रेनी ड्रोन ने राष्ट्रपति के घर पर हमले की कोशिश की, पीएम मोदी ने मंगलवार को सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की. उन्होंने साफ किया कि हिंसा के बजाय कूटनीतिक रास्ता ही बेहतर विकल्प है.
‘शांति की कोशिशों को कमजोर न करें’
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि वह रूसी राष्ट्रपति के घर को टारगेट करने की खबरों से बहुत चिंतित हैं. उन्होंने जोर देकर कहा, “दुश्मनी खत्म करने और स्थाई शांति पाने के लिए चल रहे कूटनीतिक प्रयास ही सबसे सही रास्ता हैं. हम सभी संबंधित पक्षों से अपील करते हैं कि वे इन कोशिशों पर ध्यान दें और ऐसे किसी भी कदम से बचें जो शांति प्रक्रिया को कमजोर कर सकता है.
क्या है रूस का दावा?
रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने मीडिया को बताया कि रविवार और सोमवार की दरमियानी रात मास्को के उत्तर में नोवगोरोड क्षेत्र में पुतिन के आवास को निशाना बनाने के लिए लंबी दूरी के 91 ड्रोन भेजे गए थे. हालांकि, रूसी सेना ने सभी ड्रोन्स को मार गिराने का दावा किया है और कहा है कि कोई नुकसान नहीं हुआ. लावरोव ने चेतावनी दी है कि रूस अपने समय और तरीके से इसका जवाब देने का अधिकार रखता है.
ये भी पढ़ें: TMC अमित शाह का प्रहार, पश्चिम बंगाल जीत के लिए बताए नंबर; बोले- बनाएं नेशनल ग्रिड
यूक्रेन का इनकार और ट्रंप की प्रतिक्रिया
दूसरी तरफ, यूक्रेन ने इस हमले में अपनी किसी भी भूमिका से साफ इनकार किया है. रूसी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब क्रेमलिन के सलाहकार यूरी उशाकोव ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इस घटना की जानकारी दी, तो वे भी “स्तब्ध” रह गए.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
