प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 जून 2026 को गुजरात और दमन के अहम दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. सड़क, स्वास्थ्य, ऊर्जा, उद्योग, हवाई संपर्क और पर्यटन जैसे कई क्षेत्रों से जुड़ी योजनाएं इस दौरे का प्रमुख हिस्सा होंगी. प्रधानमंत्री विभिन्न कार्यक्रमों में जनता को भी संबोधित करेंगे.
दोपहर करीब 2:30 बजे प्रधानमंत्री गुजरात के हजीरा (सूरत) पहुंचेंगे. यहां वे औद्योगिक गतिविधियों और क्षेत्र में चल रही प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का जायजा लेंगे. इसके बाद सूरत में आयोजित एक बड़े कार्यक्रम में लगभग 18,800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को जनता को समर्पित किया जाएगा.
इन योजनाओं में सड़क, बिजली और औद्योगिक विकास से जुड़े कई बड़े काम शामिल हैं. प्रधानमंत्री वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के पैकेज-6 और पैकेज-7 का उद्घाटन करेंगे. इससे गुजरात और महाराष्ट्र के बीच यात्रा पहले से अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक होने की उम्मीद है.
इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग-56 के कुछ हिस्सों को चार लेन में बदलने की परियोजना की आधारशिला भी रखी जाएगी. इस परियोजना का फायदा खासतौर पर आदिवासी इलाकों को मिलेगा और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक पहुंच भी आसान होगी.
स्वास्थ्य और बिजली व्यवस्था को मिलेगा मजबूती
सूरत दौरे के दौरान प्रधानमंत्री 200 बेड वाले आधुनिक ईएसआईसी अस्पताल का भी उद्घाटन करेंगे. अस्पताल में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं, केंद्रीय प्रयोगशाला और 24 घंटे इमरजेंसी व ट्रॉमा सेवाएं उपलब्ध होंगी. इससे क्षेत्र के श्रमिकों और आम लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा मिल सकेगी.
बिजली क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत होगी. ट्रांसमिशन नेटवर्क के विस्तार, वलसाड में बिजली वितरण प्रणाली के आधुनिकीकरण और औद्योगिक क्षेत्रों में अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी योजनाओं को भी आगे बढ़ाया जाएगा. साथ ही जंबूसर बल्क ड्रग पार्क के लिए जरूरी बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में भी कदम उठाए जाएंगे.
दमन में एयरपोर्ट और अस्पताल की सौगात
सूरत के बाद प्रधानमंत्री दमन पहुंचेंगे. यहां शाम करीब 6:15 बजे नमो एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया जाएगा. माना जा रहा है कि इससे क्षेत्रीय हवाई संपर्क को नई मजबूती मिलेगी और व्यापार तथा पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा.
इसी कार्यक्रम के दौरान नमो अस्पताल को भी राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा. यह अस्पताल प्रतिदिन करीब 1,500 ओपीडी मरीजों को सेवाएं देने में सक्षम होगा. इससे दमन और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी.
2,970 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम शुरू
दमन में प्रधानमंत्री लगभग 2,970 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इनमें स्वास्थ्य, नागरिक उड्डयन, पर्यटन, कनेक्टिविटी और जनकल्याण से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं.
करीब 1,630 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी जाएगी. इनमें आइकॉनिक ब्रिज, दमन कन्वेंशन सेंटर और निफ्ट कैंपस जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं शामिल हैं. सरकार का मानना है कि इनसे निवेश आकर्षित होगा, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी.
लक्षद्वीप के लिए भी बड़ी घोषणा
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाभ लक्षद्वीप को भी मिलेगा. वे लगभग 885 करोड़ रुपये की चार महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे. इन योजनाओं के तहत कल्पेनी और कदमत द्वीप के पूर्वी और पश्चिमी तटों पर आधुनिक बंदरगाह सुविधाएं विकसित की जाएंगी. नई जेटियों के निर्माण के बाद बड़े यात्री जहाजों और क्रूज़ शिप्स का संचालन पूरे वर्ष संभव हो सकेगा. इसके साथ ही मछली प्रसंस्करण, ईंधन आपूर्ति, बर्फ भंडारण और नौका मरम्मत जैसी सुविधाओं का भी विकास होगा.
विशेषज्ञों का मानना है कि इन परियोजनाओं से समुद्री संपर्क मजबूत होगा, स्थानीय मछुआरों को सीधा लाभ मिलेगा और पर्यटन उद्योग को नई उड़ान मिलेगी. साथ ही द्वीपों के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी बड़ा सहारा मिलेगा.
ये भी पढ़ें: “मन अत्यंत व्यथित है…” मालवीय नगर के रेस्टोरेंट में 21 लोगों की मौत पर गृह मंत्री अमित शाह ने जताया गहरा शोक
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


