Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

FICCI के शताब्दी वर्ष अधिवेशन का शुभारंभ करेंगे पीएम मोदी, भारत मंडपम में जुटेंगे 2,500 से अधिक दिग्गज

पीएम मोदी 19 नवंबर नई दिल्ली के भारत मंडपम में FICCI के वार्षिक आम बैठक और अधिवेशन का उद्घाटन करेंगे. “भारत 2047” थीम पर आधारित यह सम्मेलन इसलिए भी ऐतिहासिक है क्योंकि FICCI इस वर्ष अपने 100वें वर्ष (शताब्दी वर्ष) में प्रवेश कर रहा है.

PM Modi News Pic

भारतीय उद्योग जगत के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित संगठन फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) के वार्षिक आम अधिवेशन का कल नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में भव्य शुभारंभ होने जा रहा है. पीएम मोदी सुबह करीब 11 बजे इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे और देश-विदेश से जुटे उद्योगपतियों, नीति निर्माताओं और दिग्गजों को संबोधित करेंगे.

भारत 2047 है इस साल की थीम

इस बार के अधिवेशन का मुख्य विषय (Theme) “भारत 2047” रखा गया है, जो देश की आजादी की शताब्दी के विजन और विकसित भारत के संकल्प को समर्पित है. इस महा-सम्मेलन में सार्वजनिक, निजी और बहुराष्ट्रीय क्षेत्रों के 2,500 से अधिक प्रतिनिधि, सीईओ, राजनयिक और राजदूत हिस्सा ले रहे हैं.

गौरवशाली सफर में प्रवेश कर रहा है FICCI

यह आयोजन FICCI के लिए बेहद खास है क्योंकि वर्ष 2026-27 संगठन का शताब्दी वर्ष (Centenary Year) है. 7 अप्रैल 1927 को स्थापित हुआ यह संगठन उस दौर में वजूद में आया था जब आर्थिक नीति-निर्माण में भारतीय उद्यमों की नुमाइंदगी बेहद सीमित हुआ करती थी. स्वतंत्रता के बाद से ही FICCI देश की आर्थिक कायापलट और वैश्विक अर्थव्यवस्था के साथ एकीकरण का एक प्रमुख सारथी रहा है. वर्तमान में यह संगठन सीधे तौर पर और 300 से अधिक क्षेत्रीय व राज्य-स्तरीय संघों के माध्यम से साढ़े ढाई लाख से अधिक कंपनियों का प्रतिनिधित्व करता है.

ये भी पढ़ें: दिल्ली कैंट में AQI 98 कैसे? जानें शिमला जैसी साफ हवा के 6 कारण

मजबूत होती भारतीय अर्थव्यवस्था और IMF का अनुमान

यह अधिवेशन ऐसे समय में हो रहा है जब वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था अभूतपूर्व मजबूती और लचीलापन दिखा रही है. हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने भारत की 2026-27 की विकास दर के अनुमान को 60 आधार अंक बढ़ाकर 7 प्रतिशत कर दिया है. रिजर्व बैंक (RBI) के उच्च-आवृत्ति संकेतक और मजबूत घरेलू मांग भी देश के आर्थिक मोर्चे पर शानदार प्रदर्शन की गवाही दे रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन और इस तीन दिवसीय मंथन से देश के औद्योगिक भविष्य को एक नई दिशा मिलने की पूरी उम्मीद है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
    Tags:

Also Read

UP Tourism