प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पंजाब के जालंधर में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया. अपने भाषण में उन्होंने पंजाब के विकास, रेलवे के आधुनिकीकरण, केंद्र सरकार की योजनाओं और राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति को लेकर कई बातें रखीं. जनसभा की शुरुआत पीएम मोदी ने पंजाबी भाषा में की और कहा कि गुरुओं और वीरों की धरती पंजाब पर आकर वह खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं. उन्होंने लोगों से पंजाबी अंदाज में हालचाल भी पूछा और कहा कि आज जालंधर विकास के एक बड़े उत्सव का हिस्सा बन रहा है.
प्रधानमंत्री ने अपने दौरे के दौरान रेलवे क्षेत्र में हो रहे बदलावों का खास तौर पर जिक्र किया. उन्होंने बताया कि इससे पहले हरियाणा के जींद में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाई गई. इसके साथ ही जालंधर से अमृतसर (छेहरटा)-वाराणसी के बीच ‘संत रविदास एक्सप्रेस’ की शुरुआत की गई है. पीएम मोदी ने कहा कि इस ट्रेन से गुरु रविदास के अनुयायियों और श्रद्धालुओं को वाराणसी जाने में बड़ी सुविधा मिलेगी.
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देशभर में रेलवे को आधुनिक बनाने के मिशन पर काम कर रही है. प्रधानमंत्री के मुताबिक, 1,300 रेलवे स्टेशनों को नए रूप में विकसित किया जा रहा है. इसी कड़ी में शुक्रवार को 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया गया. उन्होंने जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन को आधुनिक भारत की नई तस्वीर बताते हुए कहा कि मुक्तसर, श्री आनंदपुर साहिब और मोहाली के रेलवे स्टेशनों का भी कायाकल्प किया गया है.
इस मौके पर प्रधानमंत्री ने करीब 5,470 करोड़ रुपये की रेल और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया.
पुराने रेलवे सिस्टम को लेकर उठाया सवाल
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश की रेलवे व्यवस्था की स्थिति किसी से छिपी नहीं थी. उनके अनुसार, पिछली सरकारों में केवल नई ट्रेनों की घोषणाएं होती थीं, लेकिन रेलवे स्टेशनों और सुविधाओं के विकास पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया.
उन्होंने कहा कि रेलवे में जो बदलाव आज दिखाई दे रहे हैं, वे कई साल पहले शुरू हो जाने चाहिए थे. प्रधानमंत्री ने दावा किया कि केंद्र सरकार अब यात्रियों की सुविधा और बेहतर बुनियादी ढांचे पर तेजी से काम कर रही है.
पंजाब की कानून व्यवस्था और नशे के मुद्दे पर सरकार को घेरा
पीएम मोदी ने पंजाब की मौजूदा स्थिति को लेकर भी राज्य सरकार पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और गैंगवार, रंगदारी तथा अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं. उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी चिंता युवाओं को लेकर है, क्योंकि नशा तस्करी के कारण पंजाब का भविष्य प्रभावित हो रहा है.
प्रधानमंत्री ने कहा कि जो लोग राजनीति में बदलाव के बड़े दावे करते थे, आज देश उनके कामकाज को देख रहा है. उन्होंने बिना नाम लिए आम आदमी पार्टी पर भी हमला बोला और कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों ने उसकी छवि को नुकसान पहुंचाया है. उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार के कई नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं और एक मंत्री को भी पद से हटाना पड़ा.
केंद्र की योजनाओं और पंजाब के विकास का मुद्दा
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले करीब 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने पंजाब के विकास के लिए बड़ी मात्रा में धन उपलब्ध कराया है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार इन संसाधनों का सही उपयोग नहीं कर पा रही है और कर्ज के सहारे काम चला रही है.
उन्होंने यह भी दावा किया कि केंद्र की योजनाओं का श्रेय लेने के लिए राज्य सरकार कई बार सिर्फ अपना नाम जोड़ देती है. प्रधानमंत्री ने कहा कि पंजाब का तेज विकास तभी संभव है, जब राज्य और केंद्र में एक जैसी सोच वाली सरकार हो.
किसानों, युवाओं और पंजाब के भविष्य पर बात
प्रधानमंत्री ने हरियाणा का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां बीजेपी सरकार 24 फसलों पर एमएसपी दे रही है. उन्होंने कहा कि पंजाब के किसानों के हितों को लेकर भी केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है.
उन्होंने युवाओं से खेलों से जुड़ने की अपील की और कहा कि जालंधर खेलों की दुनिया में अपनी अलग पहचान रखता है. पीएम मोदी ने कहा कि पंजाब को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए केंद्र सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
उन्होंने शिरोमणि अकाली दल पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि पार्टी इस समय अपने अंदरूनी मामलों में उलझी हुई है. पीएम मोदी ने कहा कि पंजाब के बदलाव के लिए बीजेपी को मजबूत करना जरूरी है.
मंच पर कई बड़े नेता रहे मौजूद
जनसभा के दौरान पीएम मोदी हरे रंग की पगड़ी पहने नजर आए. मंच पर पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह, सांसद अशोक मित्तल, बीजेपी में शामिल हुए सांसद राजिंदर गुप्ता, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. प्रधानमंत्री का यह दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
बीजेपी साल 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए राज्य में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है. फरवरी में डेरा सचखंड बल्लां की यात्रा के बाद यह पीएम मोदी का जालंधर का दूसरा दौरा है.
ये भी पढ़ें- देर रात एक टिप्पणी और दनादन चल गई गोली… भोजपुर में भाभी के चक्कर में अपनों ने ही अपनों को लहूलुहान किया
Also Follow Bharat Express on Youtube
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



