Bharat Express DD Free Dish

व्यापार, फिनटेक और टेक्नोलॉजी; पीएम मोदी और मलेशियाई पीएम के बीच क्या-क्या बात बनी?

BRICS Summit 2026: 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने नई दिल्ली पहुंचे मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठक की है. इसमें कई बातों पर सहमती बनी है.

Prime Minister Narendra Modi holding high-level bilateral talks with Malaysian Prime Minister Anwar Ibrahim at Hyderabad House in New Delhi during the BRICS Summit

BRICS Summit 2026: राजधानी के ऐतिहासिक हैदराबाद हाउस (Hyderabad House) में शनिवार को कूटनीति का एक नया अध्याय लिखा गया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) और उनके मलेशियाई समकक्ष अनवर इब्राहिम (Anwar Ibrahim) के बीच एक उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठक संपन्न हुई. मलेशियाई प्रधानमंत्री 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में एक साझेदार देश के रूप में शिरकत करने के लिए भारत आए हैं, और इस मुलाकात ने दोनों देशों के रिश्तों को और अधिक मजबूत कर दिया है.

सबाह में खुलेगा भारत का नया वाणिज्य दूतावास

विदेश मंत्रालय (MEA) द्वारा जारी बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने इसी साल फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री मोदी की मलेशिया यात्रा के दौरान हुए समझौतों की प्रगति की समीक्षा की. इस दौरान एक बड़ा कूटनीतिक फैसला लेते हुए प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने मलेशिया के कोटा किनाबालु, सबाह (Kota Kinabalu, Sabah) में भारत का नया वाणिज्य दूतावास खोलने के लिए अपनी पूर्ण सहमति जताई है.

डिजिटल टेक्नोलॉजी पर महा-मंथन

बैठक के दौरान दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व ने व्यापार एवं निवेश, रक्षा एवं सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, फिनटेक, शिक्षा और पर्यटन जैसे कई अत्याधुनिक क्षेत्रों में आपसी सहयोग को और गहरा करने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की. पीएम मोदी ने आसियान-भारत संबंधों को मजबूत करने में मलेशिया के लगातार और सक्रिय समर्थन की भी खुलकर सराहना की.

केरल के दौरे पर जाएंगे मलेशियाई प्रधानमंत्री

अपनी इस भारत यात्रा के दौरान, मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ब्रिक्स बैठकों के अलावा भारत के ग्रैंड मुफ्ती से मिलने के लिए केरल की यात्रा पर भी जाएंगे, जो दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और धार्मिक सौहार्द का एक अनूठा उदाहरण है.

भारत की अध्यक्षता में नई दिल्ली के ‘भारत मंडपम’ में आयोजित हो रहा 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन वैश्विक दक्षिण के देशों को एक मंच पर ला रहा है. ऐसे में, भारत और मलेशिया के बीच हुई यह रणनीतिक बातचीत क्षेत्रीय स्थिरता, आर्थिक प्रगति और तकनीकी विकास के क्षेत्र में बेहद दूरगामी परिणाम लेकर आएगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read