Urdu Conclave 2026

पीएम मोदी और नॉर्वे के प्रधानमंत्री के बीच सार्थक बातचीत, ‘ग्रीन स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप’ पर लगी मुहर

पीएम मोदी के नॉर्वे दौरे पर दोनों देशों के बीच संबंधों को ‘ग्रीन स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप’ के तौर पर आगे बढ़ाने पर सहमति बनी है. इसके साथ ही किंग हेराल्ड-V ने पीएम मोदी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से भी नवाजा है.

pm-modi-norway-visit-green-strategic-partnership-jonas-gahr-store-highest-civilian-award

पीएम मोदी ने ओस्लो में नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर के साथ हुई अपनी बातचीत को बेहद सार्थक बताया है. इस दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय साझेदारी को ‘ग्रीन स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप’ के तौर पर अपग्रेड करने पर सहमति बनी. पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि इससे स्वच्छ ऊर्जा, सतत विकास, ब्लू इकॉनमी और ग्रीन शिपिंग के साथ-साथ कई अन्य क्षेत्रों में भी सहयोग मजबूत होगा.

इसके अलावा इनोवेशन, रिसर्च, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में संबंधों को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया है. भारत के लिए यह भी एक बड़ी उपलब्धि है कि नॉर्वे ‘इंडो-पैसिफिक ओशन्स इनिशिएटिव’ में शामिल हो गया है.

नॉर्वे के पीएम ने एयरपोर्ट पर किया भव्य स्वागत

प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को अपनी पांच देशों की यात्रा के चौथे चरण में नॉर्वे पहुंचे. खास सम्मान दिखाते हुए नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर खुद ओस्लो एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने पहुंचे. इस दौरान भारत में नॉर्वे की राजदूत मे-एलिन स्टेनर और नॉर्वे में भारत की राजदूत ग्लोरिया गंगटे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी वहां मौजूद थे.

ये भी पढ़ें: पाकिस्तानी, अफगानी और बांग्लादेशियों को नई शर्तों पर मिलेगी नागरिकता, जानें CAA आवेदन में क्या बदला?

किंग हेराल्ड-V से मुलाकात और सर्वोच्च सम्मान

अपने इस अहम दौरे के दौरान पीएम मोदी ने ओस्लो के रॉयल पैलेस में नॉर्वे के राजा हेराल्ड-V से भी मुलाकात की और विशेष रूप से नई टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में दोनों देशों की कंपनियों के बीच बढ़ते सहयोग पर चर्चा की. किंग हेराल्ड ने प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में लंच का आयोजन भी किया. इससे पहले दिन में प्रधानमंत्री मोदी को नॉर्वे के विदेशी राष्ट्राध्यक्षों को दिए जाने वाले सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट’ से सम्मानित किया गया. पीएम मोदी ने इस बड़े सम्मान को भारत की जनता और भारत-नॉर्वे की मजबूत होती दोस्ती को समर्पित किया है.

नोट- यह खबर एजेंसी (IANS) फीड से सीधे पब्लिश की गई है. इसमें किसी भी जानकारी को नहीं बदला गया है. खबर को पढ़ने लायाक बनाने के लिए लिए केवल हेडलाइन बदली गई है. वहीं पैराग्राफ से पहले सबहेड जोड़े गए हैं. इस स्टोरी को लेकर भारत एक्सप्रेस की किसी भी तरह की नैतिक जिम्मेदारी नहीं होगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read