PM Modi on National Startup Day: पीएम मोदी ने शुक्रवार को ‘स्टार्टअप इंडिया’ पहल के 10 साल पूरे होने पर सभी को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने कहा कि स्टार्टअप बदलाव के ऐसे इंजन हैं जो हमारी अर्थव्यवस्था और समाज के भविष्य को आकार दे रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा-
‘राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस के मौके पर स्टार्टअप की दुनिया से जुड़े सभी लोगों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं. आज का दिन खास है, क्योंकि आज ‘स्टार्टअप इंडिया’ की शुरुआत को एक दशक पूरा हो गया है. यह दिन हमारे लोगों, खासकर हमारे युवाओं की हिम्मत, इनोवेशन की भावना और एंटरप्रेन्योरशिप के जज्बे का जश्न मनाने का है, जिन्होंने ग्लोबल स्टार्टअप इकोसिस्टम में भारत की तरक्की को आगे बढ़ाया है.’
पीएम मोदी ने आगे क्या लिखा
उन्होंने लिखा कि स्टार्टअप बदलाव के ऐसे इंजन हैं जो हमारी अर्थव्यवस्था और समाज के भविष्य को आकार दे रहे हैं. वे एक ओर जहां हमारे ग्रह के सामने मौजूद चुनौतियों का समाधान कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर लोगों के लिए नए अवसर भी सृजित कर रहे हैं. मुझे हर उस इंसान पर गर्व है जिसने बड़े सपने देखने की हिम्मत की, पुराने तौर-तरीकों को चुनौती दी, जोखिम उठाए और अपने स्टार्टअप्स के जरिए एक बड़ा बदलाव लाया.
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम को और मजबूत बनाने के लिए सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ काम कर रही है. भारत ने जो ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस शुरू’ की है, उसने स्टार्टअप्स के लिए अंतरिक्ष और रक्षा जैसे पहले अकल्पनीय क्षेत्रों में कदम रखने का बहुत अच्छा माहौल बनाया है, जिनके बारे में पहले सोचा भी नहीं जा सकता था. मुझे गर्व है कि हमारे स्टार्टअप ‘आत्मनिर्भर भारत’ बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं.
युवाओं का इनोवेशन बड़े काम का
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने एक अन्य पोस्ट में लिखा, “यह दिन उन मेंटर्स, इनक्यूबेटर्स, निवेशकों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य सहयोगियों को भी मान्यता देने का अवसर है, जो स्टार्टअप्स का समर्थन करते हैं. उनका सहयोग और जानकारी हमारे युवाओं को इनोवेशन करने और विकास में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करने में बहुत काम आती है. इस अवसर पर सुभाषित में पीएम मोदी ने लिखा कि-
अपने दृढ़ संकल्प और समर्पण से हमारे युवा साथी स्टार्टअप की दुनिया में नित-नए रिकॉर्ड बना रहे हैं. इनका जोश और जुनून विकसित भारत के सपने को साकार करने में सबसे बड़ी शक्ति बनने वाला है.
ये भी पढ़ें: पूर्वोत्तर की बदलती तस्वीर; पीएम मोदी के नेतृत्व में रेलवे स्टेशनों का नवीनीकरण, बंगाल बना बेहतरीन उदाहरण
भारत सरकार की एक प्रमुख पहल
बता दें कि ‘स्टार्टअप इंडिया’ भारत सरकार की एक प्रमुख पहल है, जिसे 16 जनवरी 2016 को उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग (डीपीआईआईटी) के तहत लॉन्च किया गया था. ‘स्टार्टअप्स’ के भारत की जीडीपी में योगदान को मान्यता देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने 2022 में आधिकारिक तौर पर ‘राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस’ मनाने की घोषणा की थी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


