Bharat Express DD Free Dish

भारत-सेशेल्स संबंधों को नई गति देने पर सहमति, पीएम मोदी और राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के बीच व्यापक वार्ता

PM Modi Seychelles Visit: सेशेल्स यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की. दोनों नेताओं ने हिंद महासागर क्षेत्र में सहयोग, ब्लू इकोनॉमी, रक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को नई ऊंचाई देने पर सहमति जताई.

PM Modi Seychelles Visit: सेशेल्स की राजकीय यात्रा पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार सुबह स्टेट हाउस में सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ व्यापक और महत्वपूर्ण द्विपक्षीय वार्ता की. दोनों नेताओं ने भारत-सेशेल्स संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने, हिंद महासागर क्षेत्र में सहयोग को मजबूत बनाने और विकास साझेदारी को और व्यापक बनाने पर विस्तार से चर्चा की.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनकी यह यात्रा ऐसे ऐतिहासिक समय में हो रही है, जब सेशेल्स अपनी स्वतंत्रता के 50 वर्ष पूरे कर रहा है. इसी के साथ भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के भी 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं. ऐसे विशेष अवसर पर दोनों देशों ने अपने दशकों पुराने मित्रतापूर्ण रिश्तों की समीक्षा की और भविष्य की साझेदारी का नया रोडमैप तैयार करने पर सहमति जताई.

वार्ता के दौरान समुद्री सुरक्षा, रक्षा सहयोग, ब्लू इकोनॉमी, जलवायु परिवर्तन, क्षमता निर्माण, डिजिटल तकनीक, स्वास्थ्य, शिक्षा, व्यापार, निवेश और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे अनेक विषयों पर विचार-विमर्श हुआ. दोनों नेताओं ने इस बात पर बल दिया कि हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए भारत और सेशेल्स का सहयोग आगे भी और मजबूत किया जाएगा.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और सेशेल्स के रिश्ते केवल कूटनीतिक नहीं, बल्कि विश्वास, आपसी सम्मान और साझा हितों पर आधारित हैं. दोनों देशों ने पिछले पांच दशकों में विकास, सुरक्षा और मानवीय सहयोग के क्षेत्र में मजबूत साझेदारी विकसित की है और अब इसे नई गति देने का समय है.

भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंध 1976 में सेशेल्स की स्वतंत्रता के बाद स्थापित हुए थे. तब से भारत हिंद महासागर क्षेत्र में सेशेल्स का विश्वसनीय और प्रमुख विकास साझेदार रहा है. भारत ने तटीय सुरक्षा को मजबूत करने के लिए गश्ती पोत, डोर्नियर विमान, रक्षा उपकरण, प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण में निरंतर सहयोग दिया है. इसके अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा, बुनियादी ढांचा, डिजिटल परियोजनाओं और आपदा राहत जैसे क्षेत्रों में भी भारत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है.

ये भी पढ़ें-सेशेल्स से प्रधानमंत्री मोदी का बड़ा संदेश: हिंद महासागर को ‘अवसरों का महासागर’ बनाने का आह्वान

प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा इसलिए भी विशेष मानी जा रही है क्योंकि वे सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए हैं. इस दौरान कई विकास परियोजनाओं, रक्षा सहयोग और रणनीतिक साझेदारी से जुड़े महत्वपूर्ण कदम दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा देने वाले माने जा रहे हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read