PM Modi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (21 जुलाई) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक प्रेरणादायक संस्कृत सुभाषित साझा करते हुए एकाग्रता और संकल्प की ताकत पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि जिस तरह शरीर का स्नायुतंत्र नियमित अभ्यास से मजबूत होता है, उसी तरह मनुष्य की एकाग्रता और दृढ़ संकल्प भी लगातार सही दिशा में किए गए प्रयासों से विकसित होते हैं.
संस्कृत श्लोक से दिया संदेश
प्रधानमंत्री ने अपने पोस्ट में संस्कृत श्लोक “एकाग्रताथ सङ्कल्पः स्नायुवद् वर्द्धनक्षमौ। नित्याभ्यासप्रयोगाभ्यामधिकाधिकमृध्यतः॥” साझा किया. इसका भावार्थ बताते हुए उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास और निरंतर प्रयास किसी भी व्यक्ति की मानसिक शक्ति को बढ़ाते हैं. समय के साथ एकाग्रता और संकल्प दोनों ही और अधिक मजबूत होते जाते हैं, जिससे लक्ष्य हासिल करना आसान हो जाता है.
एकाग्रताथ सङ्कल्पः स्नायुवद् वर्द्धनक्षमौ।
नित्याभ्यासप्रयोगाभ्यामधिकाधिकमृध्यतः॥ pic.twitter.com/Y6ABikqNaI
— Narendra Modi (@narendramodi) July 21, 2026
प्रधानमंत्री मोदी पिछले कुछ समय से लगातार संस्कृत सुभाषितों के जरिए प्रेरक संदेश साझा कर रहे हैं. सोमवार को भी उन्होंने युवाओं को समर्पित एक पोस्ट किया था. उसमें उन्होंने कहा था कि आज भारत के युवा धैर्य, आत्मविश्वास और अथक मेहनत के दम पर नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं और यही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है.
उस पोस्ट में साझा किए गए श्लोक का संदेश था कि जो व्यक्ति कठिन परिस्थितियों में घबराने के बजाय धैर्य और समझदारी से समाधान खोजता है तथा समय आने पर दुखों को भी साहस के साथ सहन करता है, अंततः वही सफलता प्राप्त करता है और चुनौतियों पर विजय हासिल करता है.
ये भी पढ़ें: NEET पर पीएम मोदी का बड़ा बयान, बोले- पेपर लीक ‘घोर पाप’, दोषियों पर हुई सख्त कार्रवाई
इससे पहले 17 जुलाई को भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत के अवसर पर भी प्रधानमंत्री ने एक संस्कृत सुभाषित साझा किया था. उन्होंने इसे आत्मनिर्भर भारत और सतत विकास की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए कहा था कि कोई भी कार्य छोटा हो या बड़ा, उसे पूरे उत्साह, समर्पण और पूरी क्षमता के साथ करना चाहिए. प्रधानमंत्री के ये प्रेरक संदेश सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा का विषय बने रहते हैं और बड़ी संख्या में लोग इन्हें सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास बढ़ाने वाला मानते हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

