Bharat Express DD Free Dish

सिक्किम की सुंदरता पर फिदा हुए पीएम मोदी: बोले- यहां के ऑर्किड नहीं देखे तो कुछ नहीं देखा

PM Modi Visit to Sikkim: पीएम मोदी ने सिक्किम के 50वें राज्यत्व दिवस समारोह में पूर्वोत्तर को ‘अष्टलक्ष्मी’ बताया और यहां के टूरिज्म, स्वच्छता व खेल प्रतिभा की जमकर सराहना की.

PM Modi Visit to Sikkim

PM Modi Visit to Sikkim: पीएम मोदी ने मंगलवार को सिक्किम के राज्यत्व के 50वें वर्ष के समापन समारोह में हिस्सा लेते हुए नॉर्थ ईस्ट और सिक्किम को लेकर कई अहम बातें कहीं. उन्होंने कहा कि सिक्किम और पूरा पूर्वोत्तर केवल देश का हिस्सा नहीं, बल्कि ‘भारत की अष्टलक्ष्मी’ है, जो देश की समृद्धि और शक्ति का प्रतीक है. प्रधानमंत्री ने कहा, “नॉर्थ ईस्ट हिंदुस्तान की अष्टलक्ष्मी है. इसलिए हम ‘एक्ट ईस्ट’ नीति पर काम कर रहे हैं और साथ ही ‘एक्ट फास्ट’ का संकल्प भी लिया है.” उन्होंने बताया कि सरकार का खास फोकस सिक्किम की कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर है.

फ्लोरल डाइवर्सिटी और टूरिज्म इकोनॉमी

पीएम मोदी ने सिक्किम की सबसे बड़ी ताकत उसकी टूरिज्म इकोनॉमी को बताया. उन्होंने कहा कि भले ही सिक्किम का क्षेत्रफल देश के कुल क्षेत्रफल का 1 प्रतिशत से भी कम है, लेकिन यहाँ देश की 25 प्रतिशत से ज्यादा फ्लोरल डाइवर्सिटी पाई जाती है. खासतौर पर ऑर्किड्स का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “अगर आपने सिक्किम के ऑर्किड नहीं देखे, तो आपने असली सुंदरता का अनुभव नहीं किया.” उन्होंने इसे ‘पूरब का स्वर्ग’ और ‘ऑर्किड्स का गार्डन’ बताया.

खेल प्रतिभा और स्काई स्पोर्ट्स की संभावनाएं

प्रधानमंत्री ने कहा कि सिक्किम के लिए संभावनाओं का एक और क्षेत्र स्काई स्पोर्ट्स में भी है. यहाँ के युवाओं ने फुटबॉल, बॉक्सिंग और तीरंदाजी जैसे खेलों में अपनी प्रतिभा को बड़े मंचों पर साबित किया है. इन प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसे आंदोलन चलाए जा रहे हैं. स्टेट स्पोर्ट अकादमी को पुनर्जीवित किया गया है और सिक्किम प्रीमियर लीग जैसे आयोजनों को बढ़ावा दिया जा रहा है ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को अधिक अवसर मिल सकें.

स्वच्छता और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश

अपने रोड शो का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि लोगों के हाथों में तिरंगा और ‘भारत माता की जय’ के नारे ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को दर्शाते हैं. उन्होंने सिक्किम की स्वच्छता की जमकर तारीफ की और कहा, “पूरे रास्ते में सड़कों की साफ-सफाई देखकर मैं प्रभावित हुआ. न कहीं गंदगी दिखी, न हवा में प्रदूषण. सिक्किम के लोग प्रकृति के सच्चे संरक्षक हैं.” उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे सिक्किम की शांति और आध्यात्मिकता का अनुभव करने यहाँ जरूर आएं.

ये भी पढ़ें: सुरक्षा में बड़ी चूक या लापरवाही? अमृतसर में बीच सड़क कैदियों से भरी बस को धक्का मारती दिखी पुलिस

सादगी और सौम्यता की सराहना

प्रधानमंत्री ने सिक्किम के लोगों की सादगी, सौम्यता और मुस्कान की सराहना की. उन्होंने बताया कि दौरे से पहले वे कई पद्म सम्मान विजेताओं और कलाकारों से मिले. पीएम मोदी ने कहा कि सिक्किम ने ऐसे समय में एकता का उदाहरण पेश किया है, जब देश में कई बार भाषा और जाति के नाम पर विभाजन की राजनीति होती है. यह कार्यक्रम भारत की विविधता और एकता का एक सुंदर प्रदर्शन रहा.

नोट- यह खबर एजेंसी (IANS) फीड से सीधे पब्लिश की गई है. इसमें किसी भी जानकारी को नहीं बदला गया है. खबर को पढ़ने लायाक बनाने के लिए लिए केवल हेडलाइन बदली गई है. वहीं पैराग्राफ से पहले सबहेड जोड़े गए हैं. इस स्टोरी को लेकर भारत एक्सप्रेस की किसी भी तरह की नैतिक जिम्मेदारी नहीं होगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read