PM Modi speech postponed: संसद के चालू बजट सत्र के दौरान लोकसभा में गतिरोध लगातार बना हुआ है. लगातार तीसरे दिन भी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू नहीं हो सकी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आज शाम करीब पांच बजे लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देना था, लेकिन भारी हंगामे के चलते उनका संबोधन टल गया.
पीएम मोदी का संबोधन टला
शाम पांच बजे जैसे ही लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, पीठासीन सदस्य संध्या राय ने भाजपा सांसद पीपी चौधरी को बोलने के लिए आमंत्रित किया. इसी दौरान विपक्षी दलों के सदस्य तख्तियां लेकर वेल में आ गए और जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी. सदन में शोर-शराबा इतना बढ़ गया कि कार्यवाही चलाना संभव नहीं हो सका. हालात को देखते हुए पीठासीन ने लोकसभा की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी. लोकसभा में जारी हंगामे के चलते प्रधानमंत्री का बहुप्रतीक्षित भाषण एक बार फिर टल गया, जिससे धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा अधूरी रह गई.
राज्यसभा में क्या हुआ?
उधर, राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा जारी रही. इस दौरान केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने अमेरिका के साथ संभावित ट्रेड डील को लेकर सदन में बयान दिया. उनके इस बयान पर विपक्ष ने आपत्ति जताई और एक दिन पहले संसद के बाहर दिए गए उनके वक्तव्य का हवाला देते हुए सवाल खड़े किए.
इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने संसद परिसर में पंडित जवाहरलाल नेहरू और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की आलोचना वाली किताबें लहराए जाने का मुद्दा उठाया और इसे असंसदीय करार दिया. इस मुद्दे पर भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली.
ये भी पढ़ें: ‘मैं बंधुआ मजदूर हूं…’, ममता बनर्जी ने SC में लगाई ECI की क्लास; पढ़ें कोर्ट रूम में क्या-क्या हुआ?
बजट सत्र के दौरान लोकसभा में लगातार गतिरोध बना रहने से अहम विधायी कार्य प्रभावित हो रहा है. अब सदन की कार्यवाही अगले दिन 11 बजे फिर से शुरू होगी, जहां राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा दोबारा शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




