Bharat Express DD Free Dish

ताशकंद में PM मोदी का भव्य स्वागत, भारतीय समुदाय से मिले; बोले- दोनों देशों के बीच जीवंत सेतु हैं प्रवासी

PM Modi Uzbekistan Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय उज्बेकिस्तान दौरे पर ताशकंद पहुंचे, जहां उन्होंने विशेष स्वागत, भारतीय समुदाय से मुलाकात और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया. पीएम मोदी ने ‘यांगी उज्बेकिस्तान स्मारक’ पर श्रद्धांजलि अर्पित की और भारतीय प्रवासी समुदाय को भारत-उज्बेकिस्तान के बीच मजबूत सेतु बताया.

PM Modi Uzbekistan Visit bharat express

PM Modi Uzbekistan Visit- bharat express

PM Modi Uzbekistan Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर उज्बेकिस्तान पहुंचे हैं. ताशकंद पहुंचने के बाद उन्होंने वहां हुए विशेष स्वागत, भारतीय समुदाय के सदस्यों से मुलाकात और विभिन्न कार्यक्रमों की झलकियां सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा कीं. पीएम मोदी ने कहा कि उनकी यात्रा के दौरान हुए ये कार्यक्रम भारत और उज्बेकिस्तान के बीच मजबूत होते संबंधों और आपसी मित्रता को दर्शाते हैं.

ताशकंद में बिताए पलों का वीडियो किया साझा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ताशकंद में बिताए समय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया. इसमें उनके स्वागत समारोह, ‘यांगी उज्बेकिस्तान स्मारक’ पर श्रद्धांजलि अर्पित करने और भारतीय समुदाय के सदस्यों से मुलाकात की झलकियां दिखाई गईं. पीएम मोदी ने पोस्ट में लिखा कि ताशकंद में हुए विशेष स्वागत, स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करने, भारतीय समुदाय से मुलाकात और प्रमुख कार्यक्रमों की कुछ खास झलकियां वीडियो में मौजूद हैं.

भारतीय समुदाय को बताया दोनों देशों के बीच सेतु

प्रधानमंत्री मोदी ने ताशकंद में भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात के बाद उनके स्नेह और गर्मजोशी के लिए आभार जताया. उन्होंने कहा कि भारतीय प्रवासी समुदाय भारत और उज्बेकिस्तान के बीच एक जीवंत सेतु की तरह काम करता है. पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा कि ताशकंद में भारतीय समुदाय के प्यार और स्नेह से वह अभिभूत हैं. उन्होंने कहा कि प्रवासी समुदाय दोनों देशों की दोस्ती को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है.

भारतीय-उज्बेक संस्कृति का दिखा खूबसूरत संगम

पीएम मोदी ने अपने स्वागत समारोह के दौरान प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी सराहना की. कार्यक्रम में भारतीय और उज्बेक संस्कृति की झलक देखने को मिली. प्रधानमंत्री ने तबला प्रस्तुति का एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि भारतीय और उज्बेक संगीत परंपराओं का यह खूबसूरत संगम दोनों देशों के गहरे सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाता है. उन्होंने तबला, डोइरा और चांग जैसे वाद्ययंत्रों के मेल की विशेष रूप से सराहना की.

यह भी पढ़ें: ‘4 दिन, 2 देश और SCO का महामंच…!’ पीएम मोदी के मध्य एशिया दौरे के क्या हैं मायने? जानें पूरी टाइम लाइन

भारतीय महिलाओं ने पीएम मोदी को बांधी राखी

ताशकंद दौरे के दौरान भारतीय समुदाय की कुछ महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इस दौरान महिलाओं ने पीएम मोदी की कलाई पर राखी भी बांधी. इस आत्मीय मुलाकात ने भारत से दूर रह रहे भारतीय समुदाय और प्रधानमंत्री के बीच भावनात्मक जुड़ाव की झलक पेश की.

‘यांगी उज्बेकिस्तान स्मारक’ पर अर्पित की श्रद्धांजलि

ताशकंद पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव के साथ ‘यांगी उज्बेकिस्तान स्मारक’ का दौरा किया और वहां पुष्पांजलि अर्पित की. पीएम मोदी ने कहा कि यह स्मारक उज्बेक लोगों की आकांक्षाओं और देश की प्रगति का प्रतीक है. उन्होंने अपनी उज्बेकिस्तान यात्रा की शुरुआत इस महत्वपूर्ण स्मारक से करने पर खुशी जताई. प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ सांस्कृतिक और जनसंपर्क संबंधों को मजबूत करने पर भी खास जोर दिखाई दे रहा है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read