Bharat Express DD Free Dish

‘ताशकंद की धरती पर…!’ उज्बेक छात्रों की हिन्दी देख गदगद हुए पीएम मोदी, VIDEO किया शेयर

उज्बेकिस्तान के छात्रों ने हिंदी में पीएम मोदी का स्वागत करते हुए उनका ताशकंद पहुंचने से पहले इंतजार जताया. पीएम मोदी ने वीडियो शेयर कर छात्रों के इस आत्मीय स्वागत की सराहना की…

PM Modi

PM Modi Uzbekistan Visit: मध्य एशिया में भारत के बढ़ते कूटनीतिक प्रभाव और वैश्विक साख का एक बेहद खूबसूरत और दिल छू लेने वाला नजारा शनिवार को देखने को मिला. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उज्बेकिस्तान की दो दिवसीय राजकीय यात्रा और उसके बाद किर्गिज गणराज्य में आयोजित होने वाले 26वें शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के लिए रवाना हो चुके हैं. ताशकंद पहुंचने से ठीक पहले प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक अद्भुत वीडियो साझा किया.

इस वीडियो में उज्बेकिस्तान के युवा छात्र-छात्राएं बेहद आत्मीयता से हिंदी में बोल रहे हैं कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, ताशकंद की धरती पर आपका स्वागत है! हम आपके ताशकंद आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.” ताशकंद के युवाओं का यह प्यार और दोनों देशों के रिश्तों पर उनकी समझ इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही है.

 

राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के न्योते पर चौथी यात्रा(PM Modi Uzbekistan Visit)

उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के विशेष निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी 29 से 30 अगस्त तक ताशकंद की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर हैं. प्रधानमंत्री के रूप में उज्बेकिस्तान का यह उनका चौथा दौरा है, जो दोनों देशों के बीच मजबूत होते रणनीतिक और सांस्कृतिक रिश्तों को दर्शाता है. ताशकंद में पीएम मोदी और राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के बीच उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी.

इस दौरान व्यापार, निवेश, रक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी, ऊर्जा, शिक्षा और जन-जन के बीच संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का खाका तैयार किया जाएगा. दोनों शीर्ष नेता ‘विकसित भारत 2047’ और ‘उज्बेकिस्तान-2030’ के साझा विकास लक्ष्यों को हासिल करने के लिए रोडमैप साझा करेंगे.

लाल बहादुर शास्त्री स्मारक और महात्मा गांधी केंद्र का दौरा

ताशकंद प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री जी के स्मारक पर पहुंचकर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. इसके अलावा, ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज में स्थित ‘महात्मा गांधी केंद्र’ का दौरा करने का भी कार्यक्रम है. मध्य एशिया में भारतीय संस्कृति, हिंदी भाषा और गांधीवादी विचारों की गहरी छाप को मजबूत करने में पीएम मोदी का यह सांस्कृतिक दौरा मील का पत्थर साबित होगा.

ताशकंद के बाद बिश्केक की उड़ान

ताशकंद की ऐतिहासिक यात्रा (PM Modi Uzbekistan Visit)) का समापन करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी किर्गिज गणराज्य के राष्ट्रपति सादिर झापारोव के आमंत्रण पर बिश्केक के लिए रवाना होंगे. वहाँ वे 31 अगस्त से 1 सितंबर तक आयोजित होने वाले 26वें SCO शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे, जो शंघाई सहयोग संगठन की स्थापना की 25वीं वर्षगांठ का ऐतिहासिक अवसर भी है.

2017 से पूर्ण सदस्य रहे भारत की ओर से पीएम मोदी शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे, जिसमें वे क्षेत्रीय सुरक्षा, कनेक्टिविटी, व्यापार और नशीले पदार्थों के खिलाफ कड़े रुख पर भारत की प्राथमिकताएं रखेंगे. साथ ही, वे बिश्केक में मध्य एशियाई संस्कृति के प्रतीक ‘छठे वर्ल्ड नोमैड गेम्स’ के भव्य उद्घाटन समारोह में भी शिरकत करेंगे.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read