Bharat Express DD Free Dish

‘आज दुनिया भारतीय पायलटों की बात कर रही, कल मेड इन इंडिया विमान की करेगी चर्चा’, पीएम मोदी ने बताया 2047 का विजन

पीएम मोदी ने ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ में 2047 के भारत का विजन बताया. बोले- आज दुनिया भारतीय पायलटों की बात करती है, कल मेड इन इंडिया विमान की करेगी.

PM Modi Speech Viksit Bharat 2047 b

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर बड़ा विजन सामने रखा है. ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ में उन्होंने कहा कि भारत के सामने चुनौतियां जरूर हैं, लेकिन उनसे निपटने के लिए 140 करोड़ लोगों की ताकत है. पीएम मोदी ने कहा कि आज दुनिया भारतीय पायलटों की चर्चा करती है, लेकिन वह दिन आएगा जब दुनिया ‘मेड इन इंडिया’ विमान की बात करेगी.

भारत के सामर्थ्य पर भरोसा

प्रधानमंत्री ने कहा कि बड़े लक्ष्य केवल भाषणों से हासिल नहीं होते. इसके लिए दूरदर्शी नीतियों, लगातार मेहनत और देशवासियों की भागीदारी जरूरी है. अब भारत को ऐसे लक्ष्य तय करने चाहिए जो सामान्य नहीं, बल्कि असाधारण हों.

पीएम मोदी ने भारत को शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करने, गरीबी से मुक्त और शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन, इनोवेशन तथा टेक्नोलॉजी में नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ने की बात कही.

2047 के भारत का सपना

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने स्वामी विवेकानंद और महर्षि अरबिंदो के विचारों का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि देश के पूर्वजों ने जिस मजबूत और गौरवशाली भारत का सपना देखा था, उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी आज की पीढ़ी की है. अब भारतीय अपने सपनों को खुद तय कर सकते हैं और उन्हें पूरा करने की क्षमता है.

मोदी ने कहा कि 2026 में विकसित भारत का जो सपना आज देखा जा रहा है, वह 2047 तक जरूर पूरा किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि 140 करोड़ भारतीय साथ मिलकर 2047 तक विकसित भारत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे.

गरीबी से बाहर निकले 25 करोड़ लोग

प्रधानमंत्री ने गरीबी के मोर्चे पर हुए बदलाव का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि एक दशक में 25 करोड़ लोगों का गरीबी से बाहर निकलना कभी मुश्किल माना जाता था, लेकिन भारत ने इसे संभव कर दिखाया. इसी उपलब्धि को आधार बनाकर उन्होंने देशवासियों की क्षमता पर भरोसा जताया.


ये भी पढ़ें: ‘असाधारण जनसेवक हैं मोदी’ भूटान PM शेरिंग तोबगे ने हिंदी में लिखा लेख, बोले- विकसित भारत का मतलब विकसित भूटान


‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत किया गया है. कार्यक्रम का उद्देश्य 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को लोगों तक पहुंचाना और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक सुनिश्चित करना है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read