Bharat Express DD Free Dish

17-18 जनवरी को पश्चिम बंगाल और असम में होंगे PM मोदी, जानिए किन विकास परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन?

प्रधानमंत्री मोदी 17 जनवरी को मालदा से वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे और 3,250 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे. 18 जनवरी को सिंगूर और काजीरंगा में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और भूमि पूजन करेंगे, साथ ही नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे.

PM Modi visit West Bengal Assam: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 और 18 जनवरी को पश्चिम बंगाल और असम का दो दिवसीय दौरा पर रहेंगे. इस यात्रा के दौरान, वे कई हजार करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इसके साथ ही पीएम मोदी पश्चिम बंगाल से भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन और असम से दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे.

मालदा से होगी दौरे की शुरूआत

प्रधानमंत्री मोदी 17 जनवरी को सबसे पहले दोपहर लगभग 12:45 बजे पश्चिम बंगाल के मालदा पहुंचेंगे. यहां वे मालदा टाउन रेलवे स्टेशन पर हावड़ा और गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. इसके तुरंत बाद वे एक सार्वजनिक कार्यक्रम में 3,250 करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न रेल और सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का राष्ट्र को समर्पण करेंगे.

सिंगूर में करेंगे विकास परियोजनाओं का उद्घाटन

अगले दिन यानी 18 जनवरी को दोपहर में पीएम मोदी हुगली जिले के सिंगूर में लगभग 830 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे. उसी दिन वे तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे, जो रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने में मदद करेंगी.

गुवाहाटी के सांस्कृतिक कार्यक्रम में होंगे शामिल

वहीं 17 जनवरी की शाम को पीएम मोदी असम के गुवाहाटी पहुंचेंगे. जहां वे पारंपरिक बोडो सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेंगे. यह कार्यक्रम स्थानीय संस्कृति और परंपरा को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा.

काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर का करेंगे भूमि पूजन

18 जनवरी को सुबह लगभग 11 बजे पीएम मोदी नगांव जिले के कालियाबोर में 6,950 करोड़ रुपए से अधिक के काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर प्रोजेक्ट का भूमि पूजन करेंगे. यह 86 किलोमीटर लंबा परियोजना पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए बनाया जा रहा है, जिसमें 35 किलोमीटर का एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर काजीरंगा नेशनल पार्क से होकर गुजरेगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read