प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 जुलाई को बिहार का दौरा करेंगे. इस दौरान पीएम मोदी दोनों राज्यों में हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे. बिहार के मोतिहारी में जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे. पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “कल, 18 जुलाई को बिहार के मोतिहारी में होंगे. 7200 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का राष्ट्र को लोकार्पण या शिलान्यास किया जाएगा. इन कार्यों में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क, चार नई अमृत भारत ट्रेनें, सड़क परियोजनाएं और अन्य शामिल हैं.”
Will be in Motihari, Bihar, tomorrow, 18th July. Development works worth Rs. 7200 crore will be dedicated to the nation or their foundation stones would be laid. These works cover Software Technology Parks, four new Amrit Bharat trains, road projects and more.…
— Narendra Modi (@narendramodi) July 17, 2025
प्रधानमंत्री मोदी का लगभग सुबह 11:30 बजे बिहार दौरा शुरू होगा. वह बिहार से कई नई रेल परियोजनाओं को राष्ट्र के नाम समर्पित करेंगे, जिसमें लागत 580 करोड़ रुपये से अधिक की दरभंगा-समस्तीपुर दोहरीकरण परियोजना भी शामिल है. इससे रेल संचालन की क्षमता बढ़ेगी और देरी कम होगी.
दरभंगा-नरकटियागंज रेल लाइन दोहरीकरण का शिलान्यास
प्रधानमंत्री कई नई रेल परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे. इन परियोजनाओं में पाटलिपुत्र में वंदे भारत ट्रेनों के रखरखाव के लिए बुनियादी ढांचे का विकास शामिल है. लगभग 4,080 करोड़ रुपये की दरभंगा-नरकटियागंज रेल लाइन दोहरीकरण परियोजना का भी शिलान्यास होगा. इससे अधिक यात्री ट्रेन और मालगाड़ियों का संचालन संभव होगा, और उत्तर बिहार की कनेक्टिविटी देश के अन्य हिस्सों से मजबूत होगी.
प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को बिहार के विभिन्न स्थानों से लखनऊ और दिल्ली के लिए चार नई अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.
आरा बाईपास के 4-लेन निर्माण की रखेंगे आधारशिला
पीएम राष्ट्रीय राजमार्ग-319 के आरा बाईपास के 4-लेन निर्माण की आधारशिला रखेंगे, जो आरा-मोहानिया राष्ट्रीय राजमार्ग-319 और पटना-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग-922 को जोड़ता है. प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रीय राजमार्ग-319 के पररिया से मोहनिया तक के 4-लेन खंड का भी उद्घाटन करेंगे, जिसकी लागत 820 करोड़ रुपये से अधिक है. यह खंड आरा शहर को राष्ट्रीय राजमार्ग-02 से जोड़ता है.
इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग-333सी के सारवां से चकाई तक पक्की सड़क के साथ दो लेन का निर्माण शामिल है, जो माल और लोगों की आवाजाही को सुगम बनाएगा और बिहार और झारखंड के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करेगा.
दरभंगा में नए सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क करेंगे उद्घाटन
पीएम मोदी दरभंगा में नए सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) और पटना में आईटी/आईटीईएस/ईएसडीएम उद्योग और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए अत्याधुनिक इनक्यूबेशन सुविधा का उद्घाटन करेंगे.
बिहार में मत्स्य पालन और जलीय कृषि क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में एक बड़े कदम के रूप में पीएम नरेंद्र मोदी ‘प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना’ (पीएमएमएसवाई) के तहत स्वीकृत मत्स्य विकास परियोजनाओं की एक सीरीज का उद्घाटन करेंगे.
61,500 SHG को दिए जाएंगे 400 करोड़
इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी बिहार में लगभग 61,500 स्वयं सहायता समूहों (SHG) को 400 करोड़ रुपये की सहायता राशि जारी करेंगे. इस दौरान ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ के तहत 12,000 लाभार्थियों को ‘गृह प्रवेश’ की चाबियां सौंपी जाएंगी, जबकि 40 हजार लाभार्थियों के लिए 160 करोड़ रुपये की राशि जारी की जाएगी.
बिहार के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को बांकुरा, पुरुलिया, दुर्गापुर और बर्धमान जिलों समेत पश्चिम बंगाल के अन्य क्षेत्रों को भी तोहफा देंगे. प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल के बांकुरा और पुरुलिया जिले में लगभग 1,950 करोड़ रुपये की लागत वाली भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीएलसी) सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) परियोजना की आधारशिला रखेंगे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.







