Bharat Express DD Free Dish

PM Mudra Yojana: अब छोटे व्यापारियों को बिना गारंटी के मिल रहा लोन, सफलता की नई कहानियाँ गढ़ रहे हैं युवा

Indian Government Schemes: देश में बहुत-से व्यापारियों ने मुद्रा योजना से बिना गारंटी लोन पाकर अपने व्यवसाय को नई ऊंचाई दी. इस योजना ने छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने की राह दिखाई.

MUDRA Yojana

पीएम मुद्रा योजना.

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

Self Employment In India: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनहित में शुरू की गई प्रधानमंत्री मुद्रा ऋण योजना (PMMY) से छोटे व्यापारियों और उद्यमियों को बड़ा संबल मिला है. इस योजना के अंतर्गत बिना किसी सिक्योरिटी और कम दस्तावेजों पर 20 लाख रुपये तक का लोन मिलना अब व्यापारियों के लिए एक सपने के सच होने जैसा साबित हो रहा है.

8 अप्रैल 2015 को शुरू हुई इस योजना का उद्देश्य देश के युवाओं, छोटे उद्यमियों और स्वरोजगार को बढ़ावा देना है. इस योजना के अंतर्गत वाणिज्यिक बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक, लघु वित्त बैंक, माइक्रो फाइनेंस संस्थान और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियां (एनबीएफसी) ऋण प्रदान करती हैं.

आसान ऋण प्रक्रिया से बढ़ा आत्मविश्वास

मध्‍य प्रदेश के नीमच जिले में इस योजना के ज़रिए कई हितग्राहियों ने अपने व्यापार को न केवल खड़ा किया, बल्कि उसे ऊंचाइयों तक पहुंचाया है. नीमच वर्कशॉप और ऑटो पार्ट्स की दुकान चलाने वाले सौरभ भंवरेला ने कहा, “करीब ढाई साल पहले मैंने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना से 50,000 रुपए का लोन लिया था. यह लोन आसानी से मिल गया, ज्यादा डॉक्यूमेंट्स की जरूरत नहीं पड़ी. इस रकम से मैंने दुकान में सामान डाला और मुनाफा भी हुआ. यह योजना हम जैसे व्यापारियों के लिए बहुत फायदेमंद है.”

स्थानीय उद्यमियों की सफलता की कहानियाँ

नीमच में मार्बल और कंस्ट्रक्शन का कार्य करने वाले सूरज सोलंकी ने कहा, “मैं पिछले कई वर्षों से इस क्षेत्र में काम कर रहा हूं. व्यापार को बढ़ाने के लिए मैंने मुद्रा योजना में आवेदन किया और 5 लाख रुपए का लोन मिला. बिना किसी गारंटी के यह लोन मिलना मेरे लिए बहुत मददगार रहा. अब मेरा व्यापार अच्छे से चल रहा है.”

लाह की चूड़ी बनाने वाले शंभू लाल लक्षकार बताते हैं, “मुझे इस योजना से 4,70,000 रुपए का लोन मिला. यह लोन बिना गारंटी और बहुत कम कागजी कार्रवाई में मिला. इससे मेरा चूड़ी बनाने का व्यवसाय और होलसेल का काम खूब बढ़ा है. मैं प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद करता हूं.”

छोटे शहरों में भी दिखा योजना का असर

बता दें कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना ने नीमच जैसे छोटे शहरों में भी युवाओं और लघु उद्यमियों को आर्थिक आजादी देने का काम किया है. बिना किसी गारंटी और कम दस्तावेजों में लोन की सुविधा ने सैकड़ों लोगों को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित किया है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read