Bihar Election 2025: विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के बाद पीएम मोदी ने शुक्रवार को औरंगाबाद में अपनी पहली चुनावी रैली की. उन्होंने कहा कि पहले चरण में करीब 64.46 प्रतिशत मतदान हुआ है और इस बंपर वोटिंग ने साफ कर दिया है कि बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनने जा रही है. पीएम मोदी ने कहा कि बिहार के नौजवानों ने आरजेडी के झूठ को खारिज कर दिया है और जनता नरेंद्र-नीतिश के ट्रैक रिकॉर्ड पर भरोसा कर रही है.
उपलब्धियों का किया जिक्र
मोदी ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार ने बिहार के विकास के लिए तीन गुना ज्यादा फंड दिया है. आज राज्य में सड़कों, पुलों, रेलवे, अस्पतालों और कॉलेजों का तेजी से निर्माण हो रहा है. उन्होंने कहा कि एनडीए के पास हर वर्ग के लिए अलग-अलग योजनाएं हैं.
संबोधन में इसका भी जिक्र
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने राम मंदिर, अनुच्छेद 370 और ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि जो वादे उन्होंने किए थे, वो पूरे हुए हैं. मोदी ने वन रैंक, वन पेंशन का जिक्र करते हुए कहा कि आज इस योजना को लागू हुए 11 साल पूरे हो गए हैं और अब तक रिटायर्ड सैनिकों और उनके परिवारों को एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि दी जा चुकी है.
“माओवादी आतंक से मुक्त होने की ओर बिहार”
पीएम ने कहा कि उनकी सरकार ने नक्सलवाद और माओवादी आतंक की कमर तोड़ दी है. आज बिहार माओवादी आतंक से मुक्त होने की ओर बढ़ रहा है.
पीएम मोदी का विपक्ष पर निशाना
आरजेडी और कांग्रेस पर हमला करते हुए मोदी ने कहा कि जंगलराज वाले नौकरी और निवेश दोनों के लिए खतरा हैं. उन्होंने कहा कि ये लोग कट्टा और फिरौती की राजनीति करते हैं और बिहार को ऐसी सरकार नहीं चाहिए. उन्होंने कांग्रेस और आरजेडी के बीच हुए विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि जो लोग अपने साथियों को धोखा दे सकते हैं वो जनता के हितैषी नहीं हो सकते.
ये भी पढ़ें-‘वंदे मातरम हमें प्रेरणा देता है आजादी की रक्षा कैसे करें’, पीएम मोदी ने किया स्मरणोत्सव का उद्घाटन
किसानों पर क्या बोले पीएम पीएम मोदी?
किसानों को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार छोटे किसानों की सच्ची चिंता करती है. अभी किसानों को सालाना 6 हजार रुपये की सहायता दी जाती है लेकिन एनडीए सरकार बनने पर इसमें 3 हजार रुपये और जोड़ दिए जाएंगे यानी कुल 9 हजार रुपये सालाना की मदद मिलेगी. मोदी ने कहा कि बिहार की जनता ने तय कर लिया है कि राज्य में सुशासन की सरकार ही लौटेगी और एनडीए ही विकास की गारंटी है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


