Urdu Conclave 2026

PM मोदी का आदमपुर एयरबेस से देश को संबोधन- हर कोने में सुनाई दे रही ऑपरेशन सिंदूर की गूंज, हर देशवासी सैनिकों का ऋणी

पीएम मोदी ने आदमपुर एयरबेस से जवानों को संबोधित करते हुए कहा, “आपने भारतीयों का सीना चौड़ा कर दिया. भारत माता की जय से दुश्मन कांपते हैं.” ऑपरेशन सिंदूर के बाद पीएम का यह दौरा राफेल लड़ाकू विमान और S-400 की ताकत को दर्शाता है.

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

PM Modi Speech At Adampur Air Base: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभी कुछ देर पहले आदमपुर एयरबेस से राष्ट्र को संबोधित किया. यह संबोधन ऑपरेशन सिंदूर के बाद हुआ, जिसमें भारतीय सेना ने अभूतपूर्व पराक्रम दिखाया. पीएम मोदी ने जवानों की बहादुरी की जमकर तारीफ की और कहा कि उनके इस साहस ने हर भारतीय का माथा गर्व से ऊंचा कर दिया है.

उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “आप सभी ने कोटि-कोटि भारतीयों का सीना चौड़ा कर दिया. आज से दशकों बाद भी जब भारत के इस पराक्रम की चर्चा होगी, तो उसके सबसे प्रमुख अध्याय आप और आपके साथी होंगे.”

“भारत माता की जय से दुश्मनों के कलेजे कांपते हैं”

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में जवानों के अदम्य साहस को रेखांकित करते हुए कहा कि जब भारत के सैनिक “भारत माता की जय” का उद्घोष करते हैं, तो दुश्मनों के कलेजे कांप जाते हैं. उन्होंने कहा, “हमारे जवान दुश्मन की दीवारों को गिरा देते हैं. जब रात के अंधेरे में भी हम सूरज उगा देते हैं, तो दुश्मन को भारत माता की जय दिखाई देता है.”
पीएम ने यह भी बताया कि भारतीय सेना ने दुश्मन के न्यूक्लियर ब्लैकमेल की धमकी की हवा निकाल दी, जिससे आकाश से पाताल तक “भारत माता की जय” की गूंज सुनाई दी.

यह भी पढ़िए: आदमपुर एयरबेस से पीएम मोदी का बड़ा ऐलान: “ऑपरेशन सिंदूर भारत का नया नॉर्मल है, आतंक का एक ही अंजाम – तबाही और महाविनाश”

जयघोष की ताकत का दुनिया ने किया अनुभव

मोदी ने अपने भाषण में “भारत माता की जय” के जयघोष को भारतीय सेना की शक्ति का प्रतीक बताया. उन्होंने कहा, “यह जयघोष की ताकत अभी-अभी दुनिया ने देखी है. भारत माता की जय सिर्फ उद्घोष नहीं है, बल्कि यह हर उस सैनिक की शपथ है, जो मां भारती की मान-मर्यादा के लिए अपनी जान की बाजी लगा देता है.” उन्होंने यह भी कहा कि यह नारा हर उस भारतीय की आवाज है, जो देश के लिए जीना और कुछ कर गुजरना चाहता है. यह आवाज मैदान में भी गूंजती है और मिशन में भी अपनी ताकत दिखाती है.

आदमपुर एयरबेस का महत्व और ऑपरेशन सिंदूर

आदमपुर एयरबेस का चयन पीएम मोदी के इस दौरे के लिए खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है. यह एयरबेस राफेल और S-400 जैसे अत्याधुनिक हथियारों का केंद्र है, जो ऑपरेशन सिंदूर में अहम भूमिका निभा चुके हैं. पीएम ने सुबह-सुबह जवानों के बीच पहुंचकर उनके दर्शन किए और कहा, “जब वीरों के पैर धरती पर पड़ते हैं, तो धरती धन्य हो जाती है. आपके दर्शन से मेरा जीवन धन्य हो गया.”

इस संबोधन का सीधा प्रसारण यूट्यूब पर किया गया, और पीएम ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से भी इसकी झलकियां साझा कीं.

यह भी पढ़िए: जिस एयरबेस को पाकिस्तान ने किया था ध्वस्त करने का दावा, पीएम मोदी ने उसी बेस पर पहुंचकर पाक को किया बेनकाब



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read