Bharat Express DD Free Dish

जल्द जारी हो सकते हैं 10 रुपये और 20 रुपये के पॉलीमर नोट, सरकार ने दी मंजूरी

Polymer Currency Notes: सरकार ने आरबीआई के प्रस्ताव को मंजूरी दी है. जल्द ही रुपये 10 और रुपये 20 के पॉलीमर नोटों का फील्ड ट्रायल होगा.

Polymer Currency Notes: केंद्र सरकार ने भारतीय रिजर्व बैंक के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है, जिसके तहत 10 रुपये और 20 रुपये के पॉलीमर यानी प्लास्टिक नोटों का फील्ड ट्रायल किया जाएगा. अगर यह परीक्षण सफल रहता है तो इन नोटों को नियमित रूप से जारी किया जाएगा.

संसद में जानकारी

वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लोकसभा में बताया कि RBI ने सरकार को प्रस्ताव भेजा था. इसमें 100-100 करोड़ पॉलीमर नोट जारी कर फील्ड ट्रायल करने की अनुमति मांगी गई थी. सरकार ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है.

ट्रायल में क्या होगा?

फील्ड ट्रायल के दौरान देखा जाएगा कि ये नोट कितने टिकाऊ हैं अलग-अलग मौसम और परिस्थितियों में इनका प्रदर्शन कैसा रहता है और लोग इन्हें कितनी आसानी से स्वीकार करते हैं. अगर परिणाम सकारात्मक रहे तो इन्हें पूरे देश में चलन में लाया जाएगा.

पुराने नोट भी चलेंगे

वित्त मंत्रालय ने साफ किया है कि फिलहाल कागज के नोट बंद नहीं होंगे. पॉलीमर नोट और पारंपरिक नोट दोनों साथ-साथ चलेंगे. यानी पुराने नोटों को बंद करने का कोई प्रस्ताव नहीं है.

पॉलीमर नोटों के फायदे

RBI का कहना है कि पॉलीमर नोट ज्यादा समय तक चलते हैं और खासकर छोटे मूल्यवर्ग जैसे 10 रुपये और 20 रुपये के लिए ये ज्यादा उपयुक्त हैं. इनकी लंबी उम्र से बार-बार नए नोट छापने और पुराने नोट नष्ट करने की जरूरत कम होगी. इससे खर्च घटेगा और कचरा भी कम होगा.

ये भी पढ़ें-बिहार बंद में उपद्रव पर बड़ा एक्शन! 694 हिरासत में, 355 भेजे गए जेल; पथराव में BDO ने गंवाई आंख की रोशनी

सुरक्षा फीचर होंगे मजबूत

पॉलीमर नोटों में पारदर्शी विंडो, विशेष सुरक्षा धागा और नकली नोटों को रोकने वाली आधुनिक तकनीक शामिल की जा सकती है. इससे नोटों की सुरक्षा और भी मजबूत होगी और नकली नोटों पर रोक लगेगी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read