Bharat Express DD Free Dish

‘किसी चरित्रवान व्यक्ति को सीएम बनाया जाए’, प्रशांत किशोर का सम्राट चौधरी पर बड़ा हमला

Prashant Kishor: बांकीपुर उपचुनाव में जीत के बाद प्रशांत किशोर ने सम्राट चौधरी पर हमला बोला और कहा कि बिहार का सीएम किसी अपराधी छवि वाला व्यक्ति नहीं होना चाहिए.

Prashant Kishor: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में निर्णायक बढ़त बनाने के बाद प्रशांत किशोर ने मीडिया से बातचीत की. उन्होंने कहा कि अगर किसी अपराधी को बिहार का मुख्यमंत्री बनाया जाएगा तो राज्य की तरक्की रुक जाएगी. उनके मुताबिक बहुमत बीजेपी के पास है, इसलिए सीएम भी उनका ही होगा. पीके ने पीएम मोदी से अपील की कि बिहार को एक चरित्रवान नेता मिले.

बिहार बनाम गुजरात का तर्क

प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार का आदमी सिर्फ मजदूरी करने के लिए नहीं बना है. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या गुजरात के लोग बुलेट ट्रेन पर सवार होंगे और बिहार के लोग हमेशा मजदूरी ही करते रहेंगे. उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी को कुशवाहा समाज से ही सीएम चुनना है तो किसी अच्छे और साफ छवि वाले नेता को मौका दिया जाए.

पीके ने जीत को क्या बताया?

अपनी जीत पर बोलते हुए पीके ने कहा कि यह चुनाव सिर्फ विधायक बनाने का नहीं था बल्कि सरकार के कामकाज पर जनता की राय का संकेत है. उन्होंने कहा कि जनता ने अपनी प्राथमिकता और सोच को इस नतीजे के जरिए सामने रखा है.

पीके का सम्राट चौधरी पर निशाना

प्रशांत किशोर ने बीजेपी नेता सम्राट चौधरी को सीधे निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि उनका बैकग्राउंड आपराधिक है और ऐसे व्यक्ति को मुख्यमंत्री पद पर नहीं होना चाहिए. उन्होंने दोहराया कि उनकी मांग रहेगी कि बिहार का विकास ऐसा हो कि यहां से पलायन बंद हो सके.

बीजेपी को झटका

गौरतलब है कि 2025 के विधानसभा चुनाव में जन सुराज पार्टी ने 238 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे लेकिन एक भी सीट नहीं जीत पाई थी. उस चुनाव में 235 सीटों पर पार्टी की जमानत जब्त हो गई थी. उस समय यह पीके के लिए बड़ा झटका था. लेकिन इस बार बांकीपुर उपचुनाव में उन्होंने बीजेपी को करारा झटका दिया है.

ये भी पढ़ें-क्या बदल रही है मध्य प्रदेश कांग्रेस? दतिया में निष्कासित हुए राजेंद्र भारती का पार्टी पर हमला

सदन में नई आवाज

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि प्रशांत किशोर के विधानसभा पहुंचने के बाद सदन का माहौल बदलेगा. विपक्ष के तौर पर अब एक ऐसा नेता मौजूद होगा जो तार्किक बहस और मुद्दों पर स्पष्ट राय रखने के लिए जाना जाता है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read