Bharat Express DD Free Dish

बांकीपुर से चुनाव लड़ेंगे प्रशांत किशोर, जनसुराज ने किया आधिकारिक ऐलान

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर चुनाव लड़ेंगे. पार्टी ने इसकी आधिकारिक घोषणा की.

Prashant Kishor

बिहार उपचुनाव: बिहार में होने वाले विधानसभा उपचुनावों को लेकर राजनीतिक हलचल लगातार तेज होती जा रही है. इसी बीच जनसुराज ने बड़ा फैसला लेते हुए साफ कर दिया है कि पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे.

पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जनसुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने आधिकारिक रूप से प्रशांत किशोर के नाम का ऐलान किया. इस घोषणा के साथ ही बांकीपुर सीट का चुनाव राज्य की सबसे चर्चित और हाई-प्रोफाइल सीटों में शामिल हो गया है.

प्रशांत किशोर के चुनाव मैदान में उतरने से इस सीट पर मुकाबला और भी रोचक होने की उम्मीद है. अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि उनके सामने कौन-सा उम्मीदवार उतारा जाएगा और चुनावी लड़ाई किस दिशा में आगे बढ़ेगी. जनसुराज का मानना है कि प्रशांत किशोर की उम्मीदवारी पार्टी को मजबूत आधार देगी और बांकीपुर में एक नई राजनीतिक लड़ाई देखने को मिलेगी. वहीं, इस ऐलान के बाद बिहार की राजनीति में उपचुनाव को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं.

नितिन नवीन के इस्तीफे से खाली हुई सीट

बांकीपुर विधानसभा सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफा देने के बाद खाली हुई. राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उन्हें राज्यसभा भेजा गया, जिसके चलते उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया. इसी वजह से इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है.


ये भी पढ़ें: Ram Mandir Donation Theft: डिलीट चैट्स ने खोले राज! 2 करोड़ की कथित चोरी में रिकवर डेटा बना सबसे बड़ा सबूत


30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे

भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित किया है. इसके तहत 6 जुलाई को अधिसूचना जारी होगी और उसी दिन से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. उम्मीदवार 13 जुलाई तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे, जबकि 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी. 16 जुलाई तक नाम वापस लेने का मौका रहेगा. इसके बाद उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी होगी. 30 जुलाई को मतदान होगा और 3 अगस्त को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे. पूरी चुनाव प्रक्रिया 4 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read